पीली पगड़ी और पीली शॉल पहनकर शपथग्रहण में आएं, भगवंत मान की जनता से अपील

भगवंत मान 16 मार्च को लेंगे पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ, लोगों से की खटकर कलां पहुंचने की अपील, बोले- बसंती रंग में रंगेंगे

Updated: Mar 14, 2022, 07:08 AM IST

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव 2022 में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद आम आदमी पार्टी के मनोनीत मुख्यमंत्री भगवंत मान 16 मार्च को शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह स्वतंत्रता सेनानी शहीद-ए-आजम भगत सिंह के गांव खटकर कलां में आयोजित होगा। भगवंत मान ने शपथग्रहण कार्यक्रम में लोगों को पीली पगड़ी पहनने को कहा है।

भगवंत मान ने कहा है कि, 'मैं लोगों से 16 मार्च को शपथ ग्रहण समारोह के लिए खटकर कलां पहुंचने का अनुरोध करता हूं। मैं अपने भाइयों से अनुरोध करता हूं कि उस दिन पीली पगड़ी पहनें और बहनें पीली शॉल/स्टोल पहनें। हम उस दिन खटकर कलां को ‘बसंती रंग’ में रंगेंगे।'

बता दें कि शपथ लेने से पहले भगवंत आज अपने सांसद पद से इस्तीफा देंगे। वे इस्तीफा देने के लिए रविवार देर रात दिल्ली पहुंच गए हैं। वर्तमान में भगवंत मान पंजाब के संगरूर लोकसभा सीट से सांसद हैं। भगवंत मान पंजाब की ही धुरी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीतकर विधायक बने हैं। उन्होंने धुरी विधानसभा सीट से जीत दर्ज की है।

यह भी पढ़ें: भोपाल: पूर्व सीएम उमा भारती ने दुकान में घुसकर मारा पत्थर, शिवराज सरकार की शराब नीति का विरोध

इससे पहले राजभवन के बाहर संवाददाताओं से बातचीत करते हुए भगवंत मान ने कहा था कि उन्होंने विधायकों के समर्थन का पत्र राज्यपाल को सौंपा है। जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया है। मान ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह 16 मार्च को दोपहर 12:30 बजे नवाशहर जिले में स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में होगा।

बता दें आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव में 117 सीटों में से 92 सीटें जीत कर प्रचंड बहुमत हासिल की है। पार्टी ने राज्य में भगवंत मान को अपना सीएम चेहरा घोषित कर रखा था। चुनाव जीतने के बाद रविवार को भगवंत मान ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ अमृतसर में रोड़ शो किया था।