राजभवन में नहीं भगत सिंह के गांव में लूंगा शपथ, सरकारी दफ्तरों में सीएम की नहीं भगत सिंह की होगी फोटो: भगवंत मान

भगवंत मान ने अपनी विक्ट्री स्पीच में कहा है कि सीएम बनने के बाद उनकी पहली कलम बेरोजगारी दूर करने के लिए चलेगी, पंजाब को नशा से मुक्ति दिलाना ही उनकी प्राथमिकता में होगा

Updated: Mar 10, 2022, 04:30 PM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

चंडीगढ़। पंजाब में आम आदमी पार्टी की प्रचंड जीत के बाद पंजाब के भावी मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने शपथ ग्रहण को लेकर बड़ा एलान किया है। भगवंत मान ने कहा है कि वे राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ नहीं लेंगे। बल्कि शहीद ए आज़म भगत सिंह के पैतृक गांव खटकर कलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 

इसके साथ ही भगवंत मान ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद पंजाब के सरकारी दफ्तरों में सीएम की फोटो नहीं लगाई जाएगी। बल्कि हर सरकारी दफ्तर में भगत सिंह और बाबासाहेब आंबेडकर की तस्वीर लगाई जाएगी। भगवंत मान ने अपनी विक्ट्री स्पीच में पंजाब को लेकर उनके रोडमैप के बारे में भी बताया।  आप नेता ने कहा कि पहले पंजाब बड़े बड़े जगहों से चलता था लेकिन पंजाब अब गांवों और खेतों से चलेगा।

Read More: Election Results 2022: यूपी में योगी ने रचा इतिहास, पंजाब में सारे धुरंधर हारे, आप का परचम लहराया

भगवंत मान ने कहा कि वे ऐसे नेता नहीं हैं जिसे बेरोजगार नौजवानों की भीड़ देख खुशी होती हो। भगवंत मान ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी सबसे पहली कलम राज्य से बेरोजगारी दूर करने के लिए चलेगी। वहीं पंजाब को नशा से मुक्ति दिलाना भी उनकी प्राथमिकता में होगा। 

भावी मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारे बच्चे यूक्रेन जा कर पढ़ाई करने पर मजबूर होते हैं। इसलिए मुख्यमंत्री बनने के बाद उनकी भरपूर कोशिश होगी कि राज्य के बच्चों को विदेशों में पढ़ने जाने के लिए मजबूर न होना पड़े। वे पंजाब में रहकर ही शिक्षा ग्रहण कर सकें।

भगवंत मान ने अपनी विक्ट्री स्पीच में कहा कि पंजाब यहां रहने वाले हर व्यक्ति का है। जिन्होंने आम आदमी पार्टी को वोट नहीं दिया, वे भी पंजाब का ही हिस्सा हैं।