भागलपुर में बम बनानेवाले के घर में धमाका, अब तक 12 की मौत, पीएम मोदी ने सीएम नीतीश से की बात

धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के तीन घर ढ़ह गए, मलबे में अब भी कई लोग फंसे हुए हैं, धमाके की आवाज कई किलोमीटर तक सुनी गई, मलबे से पांच किलो बारूद मिली हैं

Updated: Mar 04, 2022, 10:47 AM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

भागलपुर। बिहार के भागलपुर में गुरुवार रात हुए भीषण धमाके में अबतक 12 लोगों की मौत हो गयी है। पुलिस प्रशासन मलबे में फंसे लोगों को निकाल रहा है। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से फोन पर बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी ली है। पीएम मोदी ने एक ट्वीट में लिखा, 'बिहार के भागलपुर में धमाके से हुई जनहानि की खबर पीड़ा देने वाली है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। घटना से जु़ड़े हालातों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी बात हुई। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में लगा हुआ है, और पीड़ितों को हर संभव सहायता दी जा रही है।'

भागलपुर के जिला मजिस्ट्रेट सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि, 'गुरुवार रात 11:30 बजे काजवालीचक क्षेत्र में यतीमखाना के पास एक इमारत में भीषण विस्फोट हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। जेसीबी की मदद से ढही इमारत का मलबा हटाया जा रहा है। प्रथम दृष्टया यह पता चल रहा है कि जिस घर में विस्फोट हुआ, उसमें रहने वाला परिवार पटाखे बनाने में शामिल था।'

धमाका कितना भीषण था इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विस्फोट से करीब 5 किलोमीटर का इलाका दहल उठा। वहां तीन मकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गए, जबकि कई मकानों की खिड़कियां टूट गई। घटनास्थल पर बहुत धुंआ होने के कारण कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। किसी तरह कुछ लोगों को ई-रिक्शे से ले जाकर मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया।

भागलपुर एसएसपी बाबूराम ने कहा कि यहां तीन लोग पटाखा बनाने का काम करते थे। इसी में अचानक विस्फोट होने से आसपास के चार मकान गिरने और मलबे में लोगों के दबने से मौतें हुई हैं। करीब 11 लोग घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस को मलबे से 5 किलो बारूद और काफी संख्या में लोहे की कीलें मिली हैं।