बुल्ली बाई ऐप मामले में दो छात्र और एक छात्रा गिरफ्तार, अबतक मास्टरमाइंड का खुलासा नहीं

मुस्लिम महिलाओं को बदनाम करने के लिए की जा रही थी घिनौनी साजिश, 19 साल की छात्रा और 21 साल के दो छात्र गिरफ्तार, सूत्रों के मुताबिक कोई रिटायर्ड आईपीएस भी था इस नफरती कारोबार में शामिल

Updated: Jan 05, 2022, 10:01 AM IST

नई दिल्ली। बुल्ली बाई ऐप के जरिए मुस्लिम महिलाओं की नीलामी मामले में मुंबई पुलिस की तफ्तीश जैसे जैसे आगे बढ़ रही है आरोपी गिरफ्त में आ रहे हैं। बुधवार सुबह इस मामले में एक और आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई पुलिस की साइबर ब्रांच ने उत्तराखंड से 21 वर्षीय छात्र मयंक रावल को गिरफ्तार किया है। इससे पहले उत्तराखंड से ही 19 वर्षीय छात्रा श्वेता सिंह और बेंगलुरु से 21 वर्षीय छात्र विशाल कुमार झा को गिरफ्तार किया जा चुका है। जानकारी के मुताबिक श्वेता सिंह ऐप के कंट्रोलरों में शामिल थी। श्वेता सिंह ने बताया है कि उसके अलावा एक और व्यक्ति है जो कंट्रोलर है। पहले वे स्वचालित बॉट्स के जरिये कंटेंट पोस्ट करते थे, बाद में ओरिजनल अकॉउंट से पोस्ट करने लगे। 

यह भी पढ़ें: झारखंड में मॉब लिंचिंग, लकड़ी तस्करी के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या, शव को लगाई आग

हालांकि, अबतक जिन आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है उससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मसलन 18 से 21 साल के बच्चे इतने सुनियोजित तरीके से हेट क्राइम को क्यों और कैसे अंजाम दे सकते हैं? इस उम्र में इनके दिमाग में इतना जहर कहाँ से आया और क्या इसका मास्टरमाइंड कोई और है? अपुष्ट सूत्रों की मानें तो इस पूरे मामले में एक रिटायर्ड आईपीएस अफसर के संलिप्तता की जानकारी सामने आई है और जल्द ही वह मुंबई पुलिस की गिरफ्त में होगा।

मुंबई पुलिस कमिश्नर हेमंत नागराले ने इस मामले में बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस केस को लेकर कुछ जानकारियां साझा की है। उन्होंने कहा कि, '31 दिसंबर को यह ऐप डेवलप किया गया था। उन्होंने गिरफ्तारी को लेकर बताया कि 'टेक्निकल जांच के बाद पुलिस बुल्ली बाई ऐप के फॉलोवर्स तक पहुंची। ट्विटर पर इसके कुल 5 ही फॉलोअर हैं, जिनके हैंडल खालसा से जुड़ी दिखाई गई। हम इसके तह तक जाएंगे और पता करेंगे कि इसके पीछे उनका मकसद क्या था?

यह भी पढ़ें: सुल्ली डील्स के बाद अब बुल्ली बाई, मुस्लिम महिलाओं को बदनाम करने की घिनौनी साजिश

बता दें की बुल्ली बाई' नामक ऐप पर मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर पोस्ट किया गया था। नए साल के मौके पर इन तस्वीरों की बोली लगाई जा रही थी। इस घिनौनी हरकत का उद्देश्य मुस्लिम महिलाओं नीचा दिखाना, अपमानित करना और परेशान करना था। बुल्ली बाई ऐप ठीक उसी तरह काम करता है जैसे सुल्ली डील्स था। एक बार जब आप इसे ओपन करते हैं, तो आपको बेतरतीब ढंग से एक मुस्लिम महिला के चेहरे को ‘बुल्ली बाई ऑफ द डे’ के रूप में दिखाया जाता है।