अमरिंदर सिंह कोरोना पॉजिटिव, खुद को किया आइसोलेट

कोरोना से संक्रमित होने की जानकारी खुद पूर्व सीएम ने ट्वीट कर दी है, उन्होंने अपने संपर्क में आए लोगों को टेस्ट कराने का अनुरोध किया है

Updated: Jan 12, 2022, 07:39 AM IST

Photo Courtesy: ANI
Photo Courtesy: ANI

चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक एक महीने पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह को कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। 

अमरिंदर सिंह ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा कि मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मुझे हल्के लक्षण हैं। मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया है। और मेरे संपर्क में आए लोगों से अनुरोध है कि वे ख़ुद की भी कोरोना जांच करा लें।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले अपनी एक नई पार्टी बनाई है। उनकी पंजाब लोक कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनावों में बीजेपी के साथ चुनावी मैदान में उतरने वाली है। अमरिंदर सिंह को पिछले सितंबर महीने में मुख्यमंत्री पद से हटा दिया गया था। कांग्रेस के अधिकतर विधायकों द्वारा अमरिंदर सिंह का विरोध करने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह की जगह चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम बना दिया गया था।

यह भी पढ़ें : जावेद अख्तर को नरोत्तम मिश्रा ने बताया टुकड़े टुकड़े गैंग का सदस्य, नरसंहार पर पीएम की चुप्पी पर उठाए थे सवाल

कांग्रेस पार्टी पर उपेक्षित करने का आरोप लगाने के बाद नई राजनीतिक संभावनाओं की तलाश में कैप्टन अमरिंदर सिंह बीजेपी के पाले में चले गए। सीएम पद से हटाए जाने के बाद ही बीजेपी के शीर्ष नेताओं से कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुलाकातों का दौर शुरू कर दिया। जिसके बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने खुद की पार्टी बनाने का एलान कर दिया।

पंजाब की 117 विधानसभा सीटों पर 14 फरवरी को मतदान होने हैं। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर राज्य के सत्ताधारी दल कांग्रेस पार्टी ने अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी है। चुनावों से पहले कांग्रेस पार्टी की सत्ता में वापसी के आसार ज्यादा हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी लगातार पंजाब चुनावों में अपनी जीत के दावे कर रही है। बीते चुनाव में कांग्रेस के बाद सबसे ज्यादा सीटें आम आदमी पार्टी के खाते में आई थीं। हालांकि कांग्रेस पार्टी और आम आदमी पार्टी द्वारा जीती गई सीटों में फासला काफी ज्यादा था।

यह भी पढ़ें : पीएम की कथित सुरक्षा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बनाई कमेटी, रिटायर्ड जज इंदु मल्होत्रा की अगुवाई में होगी जांच

बीते विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने 77 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जबकि आम आदमी पार्टी के खाते में महज 20 सीटें आई थीं। वहीं शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी के गठबंधन को 18 सीटों पर जीत मिली थी। सितंबर 2020 में कृषि कानूनों के मसले पर अकाली दल ने बीजेपी से अपना गठबंधन तोड़ लिया है। पंजाब में बीजेपी के खिलाफ बढ़ते आक्रोश के कारण अकाली दल ने बीजेपी से अलग होने का निर्णय लिया था।