पंजाब जितना हमारा उतना ही यूपी बिहार के लोगों का भी, केजरीवाल जैसे लोगों से खुद को न जोड़े जनता: सीएम चन्नी

सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि उनके बयान को तोड़ मरोड़ के पेश किया गया है, उनका बयान अरविंद केजरीवाल, दुर्गेश पाठक और संजय सिंह जैसे नेताओं के लिये था जो कि बाहर से पंजाब में सिर्फ अपना राजनीतिक हित साधने और यहां पर राज करने के उद्देश्य से आये हैं

Updated: Feb 17, 2022, 10:55 AM IST

चंडीगढ़। उत्तर प्रदेश बिहार के प्रवासी कामगारों से जुड़े अपने बयान पर पंजाब सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने सफाई पेश की है। सीएम चन्नी ने यह साफ तौर पर कहा है कि पंजाब जितना पंजाबियों का है उतना ही यूपी बिहार के प्रवासियों का भी है। इसके साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा है कि उनके बयान ऐसे नेताओं के लिये थे जो कि बाहर से आकर पंजाब में अराजकता फैलाना चाहते हैं। इसलिये जनता खुद को ऐसे नेताओं से जोड़कर न देखे। 

सीएम चन्नी ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि पंजाब जितना हमारा है उतना ही यूपी बिहार के लोगों का भी है। पंजाब के विकास में यूपी बिहार के कामगारों ने अहम योगदान दिया है। वहाँ के लोगों ने हमारी खेती का कामयाब बनाया है। इसलिये उनका बयान उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रवासी कामगारों के लिये नहीं बल्कि अरविंद केजरीवाल, दुर्गेश पाठक और संजय सिंह जैसे नेताओं के लिये था। 

सीएम चन्नी ने कहा कि कल से मेरे एक बयान को तोड़ मरोड़ के पेश किया जा रहा है। जितने भी प्रवासी पंजाब में आये हैं, वे पंजाब को विकास के रास्ते पर ले गये हैं। प्रवासियों से हमारा रिश्ता दिल का है जो कोई निकाल नहीं सकता। पंजाब सीएम ने कहा कि उनके बयान का अर्थ न निकाला जाये। उनका बयान अरविंद केजरीवाल, दुर्गेश पाठक और संजय सिंह जैसे लोगों के लिये था, जो कि पंजाब की प्रगति में खलल डालने के इरादे से आये हैं।  

सीएम चन्नी ने कहा कि यूपी बिहार राजस्थान और देश भर के तमाम हिस्सों से लोग पंजाब आते हैं। पंजाब जितना हमारा है उतना ही उनका भी है। हम पंजाबी भी देश के दूसरे राज्यों में जाते हैं और देश के विकास में अपना योगदान देते हैं। सीएम चन्नी ने कहा कि उनका बयान केजरीवाल जैसे लोगों के लिये था जो पंजाब में अराजकता फैलाना चाहते हैं, इसलिये लोग खुद केजरीवाल जैसे लोगों से न जोड़ें।  

यह भी पढ़ें ः नेताओं के जबरन गले पड़ने से नहीं सुधरते रिश्ते, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने मोदी सरकार पर बोला हमला

दरअसल सीएम चन्नी ने प्रियंका गांधी के रोड शो के दौरान कहा था कि उत्तर प्रदेश, बिहार दिल्ली से कुछ लोग पंजाब में आकर राज करना चाहते हैं और हमें इन लोगों को कामयाब नहीं होने देना। इन्हें पंजाब में घुसने नहीं देना है। सीएम चन्नी के बयान से यह स्पष्ट था कि उन्होंने बाहरी राज्य के नेताओं पर राजनीतिक हमला बोला था। लेकिन बीजेपी और आम आदमी पार्टी ने सीएम चन्नी के बयान को गलत संदर्भ में पेश करने की भरपूर कोशिश की। लेकिन इसके बावजूद सीएम चन्नी के बयान को गलत अर्थों में पेश करने में दोनों ही पार्टियों को कोई खास कामयाबी नहीं मिल पायी।