आप के सीएम सर्वे का कांग्रेस ने किया भंडाफोड़, चुनाव आयोग से की शिकायत

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस, आप के सीएम फेस सर्वे को बताया स्कैम, बोले यह गणितीय रूप से व्यवहार्य नहीं

Publish: Jan 24, 2022, 01:06 PM IST

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी द्वारा हाल ही में किए गए कथित सर्वे को लेकर केजरीवाल की पार्टी का भंडाफोड़ हो गया है। कांग्रेस पार्टी ने आम आदमी पार्टी के सीएम फेस सर्वे को झूठा और फर्जी करार देते हुए चुनाव आयोग से शिकायत की है।

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के ज़रिए आम आदमी पार्टी द्वारा किए गए कथित सर्वे को लेकर तीखे और वाजिब सवाल किए। सिद्धू ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने अपने सर्वे के जो आंकड़े जारी किए वह गणितीय तौर पर व्यवहार्य नहीं है। सिद्धू ने कहा कि चुनाव से पहले सीएम पद का चेहरा नियुक्त करना आम आदमी पार्टी का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन इसकी आड़ लेकर जनता को धोखे में रखना ठीक नहीं है। 

सिद्धू ने आप के सर्वे पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि आप ने दावा किया कि सीएम पद के लिए उसे 21 लाख से ज्यादा रेसपोंस मिले। इसके लिए आम आदमी पार्टी ने एक प्राइवेट नंबर जारी किया था। एक प्राइवेट नंबर चार दिन में इतने कॉल या संदेश रिकॉर्ड नहीं कर सकता। 21 लाख संदेश को पढ़ाने के लिए भी 5 से 7 हजार लोगों की आवश्यकता होगी। सिद्धू ने केजरीवाल को धोखेबाज करार देते हुए कहा कि केजरीवाल आइंस्टीन और शकुंतला देवी का चाचा बनने की कोशिश कर रहे हैं।

दरअसल हाल ही में आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को अपना सीएम पद का चेहरा नियुक्त किया था। इसके लिए आम आदमी पार्टी ने एक कथित सर्वे कराया और लोगों से सीएम पद के चेहरे के लिए सुझाव मंगाए गए। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान के नाम की घोषणा करते हुए बताया कि कुल 21 लाख से अधिक संदेश आम आदमी पार्टी को मिले थे। जिसमें 93 फीसदी लोगों ने भगवंत मान को आप के सीएम पद का चेहरा चुना था।