योगी जी की मठ वापसी तय है, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय लल्लू का एलान

अजय लल्लू ने कहा कि आगामी चुनावों के परिणाम में कांग्रेस पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी, प्रदेश में कांग्रेस की वापसी तय है

Publish: Jan 09, 2022, 09:37 AM IST

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चुनावी बिगुल बजने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय लल्लू ने बड़ा दावा किया है। अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश के मौजूद सीएम योगी आदित्यनाथ की मठ वापसी की बात कही है। इसके साथ उन्होंने उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया है। 

अजय कुमार लल्लू ने एक निजी न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान कहा है कि दस मार्च के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मठ वापसी तय है। चुनावों के परिणाम आते ही योगी आदित्यनाथ मठ की ओर दोबारा जाने पर मजबूर हो जाएंगे। क्योंकि प्रदेश की जनता का विश्वास कांग्रेस के साथ है, और चुनावी नतीजों में कांग्रेस पार्टी ही सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। 

अजय कुमार लल्लू ने कोरोना काल के दौरान कांग्रेस पार्टी के प्रयासों का हवाला देते हुए कहा कि कोरोना काल में प्रदेश की जनता जब समस्या से घिरी हुई थी। तब कांग्रेस पार्टी ही प्रदेश के गरीबों, महिलाओं और युवाओं की सहायता करने के लिए आगे आई। इसलिए उन्हें इस बात पूरा भरोसा है कि आगामी चुनाव में प्रदेश की जनता का आशीर्वाद कांग्रेस पार्टी को ही मिलेगा। 

यह भी पढ़ें : मेरे पास यूपी की बहनें हैं, प्रियंका ने किया जातिगत राजनीति की दीवार तोड़ने का दावा

उत्तर प्रदेश चुनाव में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की मौजूदगी ने इस पूरे चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया है। प्रियंका गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनावों से ठीक पहले उत्तर प्रदेश का रुख किया था। सक्रिय राजनीति में कदम रखने के बाद से ही प्रियंका गांधी का पूरा ज़ोर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने पर रहा है। 

उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी न सिर्फ एक लोकप्रिय चेहरा बन कर उभरी हैं, बल्कि पीड़ितों और वंचितों की बड़ी आवाज़ बनी हैं। विशेषकर महिलाओं और युवतियों के बीच प्रियंका गांधी इस वक्त सबसे बड़ी नेता हैं। आगामी विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस पार्टी करीब 40 फीसदी महिलाओं को टिकट देने जा रही है। प्रियंका गांधी का लड़की हूं, लड़ सकती हूं का नारा न सिर्फ उत्तर प्रदेश में बल्कि देश भर में प्रचलित हो गया है।

प्रियंका गांधी की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अब तक राम मंदिर के नाम पर चुनाव लड़ने वाली बीजेपी महिला सशक्तिकरण का भी जिक्र कर रही है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के अलावा महिलाओं के लिए परियोजनाओं पर आधारित चुनावी रैली को संबोधित कर जा चुके हैं।