एंटी CAA प्रोटेस्ट का केंद्र रहे शाहीन बाग पहुंचा निगम का बुलडोजर, हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद वापस लौटा

दक्षिणी दिल्ली के शाहीन बाग में दक्षिणी नगर निगम के अधिकारी बुलडोज़र लेकर आज उस जगह अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे, जहां नागरिकता कानून के विरोध में 2019 में धरना-प्रदर्शन हुआ

Updated: May 09, 2022, 12:47 PM IST

नई दिल्ली। 2019-20 में नागरिकता संशोधन कानून के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का केंद्र रहे दिल्ली के शाहीन बाग में अवैध निर्माण व अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस बल के साथ दिल्ली नगरनिगम की टीम बुलडोजर लेकर पहुंची, जिसे आम नागरिकों के विरोध का सामना करना पड़ा। मजबूरन बुलडोजर को बिना तोड़फोड़ किए वापस लौटना पड़ा।

इस धरने में महिलाएं भी शामिल रहीं। बाद में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी वहां जमा हो गए और MCD की कार्रवाई का विरोध करने लगे। हंगामा देख दिल्ली पुलिस भी बेबस नजर आई. लोगों ने MCD और बीजेपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आखिरकार ढाई घंटे बाद बुलडोजर बैरंग वापस चला गया।

शाहीन बाग के नागरिकों का कहना हैं कि भाजपा शासित दिल्ली नगर निगम चिन्हित कर एक समुदाय के खिलाफ़ बुल्डोजर कार्रवाई कर रहा है। दिल्ली नगर निगम की कार्रवाई के दौरान शाहीन बाग की महिलाएं बुलडोजर के सामने खड़ी हो गई, जिन्हें पुलिस बल द्वारा हटाया गया और कुछ महिलाओं को हिरासत में भी लिया गया।

इस विरोध प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान भी शामिल हुए और पुलिस द्वारा कांग्रेस नेता परवेज आलम को नजरबंद भी किया गया। इस फैसले के विरोध में भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है।