यूक्रेन ने मुगलों से की रूस की तुलना, कहा- राजपूतों पर हमले के जैसा है यूक्रेन पर हमला

यूक्रेन के राजदूत ने भारतीय छात्र की मौत पर जताया दुःख, बोले- यह नरसंहार ठीक वैसा ही जैसे मुगलों ने राजपूतों के साथ किया था

Updated: Mar 02, 2022, 04:46 AM IST

नई दिल्ली। यूक्रेन पर रूस का हमला तेज होता जा रहा है। इस युद्ध ने भारत के हजारों छात्रों को मुश्किल में डाल दिया है। मंगलवार को यूक्रेन के खारकीव में रूसी गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई। इस घटना पर भारत ने विरोध जताया है और यूक्रेन के साथ ही रूस के राजदूत को तलब किया। भारत में यूक्रेन के राजदूत डॉ. इगोर पोलिखा ने नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान रूस के हमले को नरसंहार बताते हुए कहा कि यह ठीक वैसे ही जैसे मुगलों ने राजपूतों के साथ किया था।

भारत में यूक्रेन के राजदूत डॉ. इगोर पोलिखा ने मंगलवार को कहा, 'यह मुगलों द्वारा राजपूतों के खिलाफ किए गए नरसंहार जैसा है। हम दुनिया के सभी प्रभावशाली नेताओं, जिनमें पीएम मोदी भी शामिल हैं, से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ बमबारी और गोलीबारी रोकने के लिए हर संसाधन का इस्तेमाल करने को कह रहे हैं।'

यूक्रेनी राजदूत ने आगे कहा कि, 'रूस को यूक्रेन में घुसपैठ करते 6 दिन बीत गए हैं। हमारी सेना दुनिया की सबसे ताकतवर सेनाओं में से एक को रोकने में सफल रही है। दुर्भाग्य से इस युद्ध में रूस-यूक्रेन सैनिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में नागरिकों को भी जान गंवानी पड़ रही है।' पोलिखा ने भारतीय छात्र नवीन शेखरप्पा की मौत पर दु:ख जताया, जिनकी रूसी सेना की गोलीबारी में खारकीव में जान चली गई। उन्होंने कहा कि हमले पहले सैन्य स्थलों तक ही सीमित थे, लेकिन अब नागरिक क्षेत्रों में भी हो रहे हैं।

बता दें कि रूसी सेना यूक्रेन के शहरों पर पर अब ताबड़तोड़ मिसाइलों दाग रही है। इस बीच, यूक्रेन ने दावा किया है कि उसके सैनिकों ने रूस के 29 लड़ाकू विमानों को नष्ट कर दिया है। वहीं करीब 200 रूसी सैनिकों को पकड़ा गया। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने बुधवार को। रूस द्वारा शुरू किए युद्ध की एक बार फिर निंदा की। बाइडेन ने कहा कि रूस ने दुनिया की नींव को हिलाने की कोशिश की। बाइडेन ने कहा कि पुतिन को युद्ध के मैदान में ज़रूर इस वक्त लाभ मिल सकता है, लेकिन उन्हें लंबे समय तक इसकी कीमत चुकानी होगी। इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रूसी हमले का मुंह तोड़ जवाब देने के लिए यूक्रेन की सराहना भी की।