ऑपरेशन गंगा: छात्रों को वापस लाने विदेश जाएंगे 4 केंद्रीय मंत्री, यूक्रेन में फंसे हैं हजारों छात्र

अब तक ऑपरेशन गंगा के तहत 1100 से अधिक छात्रों की वतन वापसी हो चुकी है, लेकिन हजारों की तादाद में छात्र यूक्रेन और उसकी सीमाओं पर फंसे हुए हैं

Updated: Feb 28, 2022, 08:22 AM IST

नई दिल्ली। रूस यूक्रेन युद्ध के बीच भारत के हजारों छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं। छात्रों की वतन वापसी सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार का ऑपरेशन गंगा जारी है। अब इस अभियान में तेजी लाने के लिए मोदी सरकार के चार केंद्रीय मंत्री विदेश जाएंगे। 

 केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, किरण रिजिजू, हरदीप सिंह पुरी और वीके सिंह यूक्रेन के पड़ोसी मुल्कों में जाएंगे। ज्योतिरादित्य सिंधिया रोमानिया और मोलडोवा में छात्रों की वापसी को सुनिश्चित करेंगे। जबकि किरण रिजिजू को स्लोवाकिया, हरदीप पुरी को हंगरी और जनरल वीके सिंह को पोलैंड की जिम्मेदारी दी गई है।

यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्र रोमानिया, पोलैंड, हंगरी और स्लोवाकिया बॉर्डर के ज़रिए यूक्रेन से निकलने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन बॉर्डर पार करने में छात्रों को कई तरह की परेशानियों से जूझना पड़ रहा है।

यह भी पढ़ें : यूक्रेनी राष्ट्रपति की हत्या की फिराक में है रूस, कीव में रूस के 400 आक्रमणकारी तैनात 

लिहाजा केंद्र सरकार के चार केंद्रीय मंत्री यूक्रेन से सटे पड़ोसी मुल्कों में जाएंगे और छात्रों की वतन वापसी में तेज़ी लाने के अभियान में जुटेंगे। 

यह भी पढ़ें : Russia Ukraine War Live: छात्रों को वापस लाने के लिए यूक्रेन के पड़ोसी देशों में जाएंगे 4 केंद्रीय मंत्री 

यूक्रेन में भारत के लगभग बीस हजार छात्र फंसे हुए हैं। छात्रों की बड़ी संख्या यूक्रेन के विभिन्न शहरों में फंसी हुई है। जबकि यूक्रेन की सीमाओं पर भारतीय छात्रों की भारी भीड़ मौजूद है। अब तक ऑपरेशन गंगा के तहत भारत के 1156 छात्रों को वापस लाया जा चुका है।