महंगाई के खिलाफ संसद में हल्लाबोल, राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने गांधी प्रतिमा के पास किया प्रदर्शन

आज देश में महंगाई के खिलाफ विपक्षी दलों ने संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए।

Updated: Jul 19, 2022, 08:20 AM IST

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। सोमवार को मानसून सत्र के पहले दिन विपक्ष ने महंगाई, जीएसटी समेत कई मुद्दों पर जमकर हंगामा किया था। आज देश में महंगाई को लेकर विपक्षी दलों ने संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल हुए।

इस दौरान कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'सभी विपक्षी पार्टियां लड़ रही हैं और हम लड़ेंगे। जो रोज़मर्रा की चीज़ों पर लगाए जाने वाले टैक्स के खिलाफ हम प्रदर्शन कर रहे हैं। दूध, दही, पनीर जैसी चीज़ों पर टैक्स लगाया गया है इसके खिलाफ हम संसद में भी अपनी बात रखेंगे।'

यह भी पढ़ें: बारिश के बीच देर रात तक चलता रहा नर्सिंग छात्राओं का प्रदर्शन, धमकाने पहुंची वाइस प्रिंसिपल

मॉनसून सत्र के पहले दिन दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में विपक्षी दलों ने जमकर हंगामा किया। विपक्ष ने महंगाई, जीएसटी दरों में बढ़ोतरी और अग्निपथ योजना समेत कई मुद्दों पर सरकार को आड़े हाथ लिया था। विपक्षी दलों ने इन मुद्दों पर चर्चा की मांग की थी। हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।

विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य विपक्षी सदस्यों ने सशस्त्र बलों के लिए अग्निपथ भर्ती योजना, जीएसटी में वृद्धि, मूल्य वृद्धि और अन्य मुद्दों पर चर्चा करने के लिए नोटिस दिया था। कामकाज के निलंबन के विपक्ष के नोटिस को स्वीकार नहीं किया गया।