2 जून को BJP में शामिल होंगे हार्दिक पटेल, 15 हजार कार्यकर्ताओं के साथ सदस्यता लेने की तैयारी

कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे चुके हार्दिक पटेल 2 जून को भारतीय जनता पार्टी का दामन थामेंगे, उन्होंने स्वयं मीडिया को इस बात की जानकारी दी है

Updated: May 31, 2022, 08:31 AM IST

अहमदाबाद। कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे चुके हार्दिक पटेल 2 जून को भारतीय जनता पार्टी का दामन थामेंगे। हार्दिक ने स्वयं मीडिया को एक बात की जानकारी दी है। बता दें कि कुछ दिन पूर्व ही हार्दिक ने कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। पत्र में उन्होंने पार्टी की राज्य इकाई के साथ-साथ शीर्ष नेतृत्व के रवैये पर भी सवाल उठाया था।

जानकारी के मुताबिक हार्दिक पटेल गांधी नगर स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचकर पार्टी में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल मौजूद होंगे और उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाएंगे। हार्दिक पटेल के भाजपा में शामिल होने के आयोजन को भाजपा ग्रैंड इवेंट में तब्दील करना चाहती है। इसके लिए हार्दिक के साथ 15 हजार लोगों को सदस्यता दिलाने की तैयारी है।

यह भी पढ़ें: हाथ जोड़ता हूं, कांग्रेस पार्टी के साथ कभी काम नहीं करूंगा, ऐसी पार्टी है जो मुझे डुबो देगी: प्रशांत किशोर

हार्दिक का भाजपा में शामिल होना पाटीदार राजनीति के लिए अहम माना जा रहा है। गुजरात में 2015 में हुए पाटीदार आरक्षण आंदोलन का हार्दिक पटेल प्रमुख चेहरा थे। वह बीजेपी के खिलाफ आंदोलन करके ही गुजरात के राजनीति में उभरे थे। कांग्रेस में उनकी एंट्री के बाद पार्टी ने उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाया। लेकिन उपेक्षा का हवाला देते हुए उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस्तीफा सौंप दिया।

हार्दिक पटेल ने अपने इस्तीफे में जो बातें लिखी थी उससे ही साफ हो गया था की वह बीजेपी में शामिल होंगे। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस पार्टी लोगों की भावनाओं को आहत करने के लिए काम करती है, हमेशा हिंदू धर्म की आस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करती है। इतना ही नहीं कांग्रेस को उन्होंने गुजरात विरोधी तक बता दिया था।