रेपिस्ट राम रहीम को हरियाणा सरकार ने दी जेड प्लस सुरक्षा, चुनाव पूर्व जेल से बाहर आया था डेरा प्रमुख

पंजाब चुनाव से ठीक पहले फरलो पर जेल से रिहा करने के बाद हरियाणा की खट्टर सरकार ने साध्वियों से बलात्कार करने वाले गुरमीत राम रहीम को अब जेड प्लस सुरक्षा कवर दिया है, बताया गया है कि डेरा प्रमुख को खालिस्तानियों से खतरा है

Publish: Feb 22, 2022, 09:12 AM IST

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने साध्वियों से बलात्कार करने वाले गुरमीत राम रहीम को जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी है। बताया गया कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम को खालिस्तान समर्थकों से जान का खतरा है। पंजाब चुनाव से ठीक 13 दिन पहले राम रहीम को हरियाणा सरकार ने फरलो देकर जेल से रिहा किया था।

रिपोर्टस के मुताबिक राम रहीम को जेड प्लस सुरक्षा देने के लिए सीआइडी इनपुट्स का हवाला दिया गया है। एडीजीपी सीआईडी ने खालिस्तानियों से राम रहीम की जान को खतरा बताया था। ऐसे में उसे हरियाणा सरकार ने वीआईपी सुरक्षा कवर दिया है। इससे पहले हरियाणा सरकार ने उसे 21 दिन के लिए फरलो पर रिहा किया था। बताया गया था कि राम रहीम की मां बीमार हैं इसलिए फरलो दिया गया था।हालांकि, राम रहीम की रिहाई के कई सियासी एंगल सामने आए थे। दावा किया गया कि पंजाब विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने के लिए हरियाणा की बीजेपी सरकार ने उसे फरलो दिया है। दरअसल, राम रहीम का पंजाब के 23 जिलों में 300 से अधिक बड़े डेरे हैं और 60 से 70 विधानसभा सीटों पर उसका असर है।

साल 2009 के लोकसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल ने डेरा सच्चा सौदा को अपने पाले में कर लिया था। इसका नतीजा ये रहा कि हरसिमरत कौर ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के बेटे रनिंदर सिंह को एक लाख वोटों से हराया था। 2014 के हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले खुद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज डेरा सच्चा सौदा गई थीं। राम रहीम को पैरोल देने के बाद चर्चाएं थी कि कांग्रेस को सत्ता से हटाने के लिए बीजेपी डेरों को हथियार के तौर पर इस्तेमाल करना चाहती है।

पैरोल मिलने के बाद राम रहीम रोहतक जेल से लग्जरी कार में कड़ी सुरक्षा के बीच शाम पांच बजे गुरुग्राम पहुंचा था। छह गाड़ियों के काफिले में पुलिस की गाड़ियां भी शामिल थी। राम रहीम जिस गाड़ी में सवार था, उसके शीशों पर काले पर्दे लगाए गए थे। गाड़ी सीधे आश्रम के अंदर पार्किंग में जाकर रुकी थी। आश्रम का गेट बंद होने के बाद ही उसे गाड़ी से नीचे उतारा गया था। यहां समर्थकों ने फूल बरसाकर राम रहीम का स्वागत किया था। इस दौरान केक भी कटवाने की चर्चा थी।