हिमाचल प्रदेश: पटाखे की फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, जिंदा जल गई 7 महिलाएं, बुरी तरह झुलसे दर्जनों लोग

हिमाचल प्रदेश के ऊना में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट हुआ, हादसे के बाद मौके पर ही 6  महिलाएं जिंदा जल गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग बुरी तरह झुलसे हैं

Updated: Feb 22, 2022, 07:44 AM IST

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। ऊना के टाहलीवाल में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ और धमाके के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में 15 से अधिक महिलाओं के जलने की खबर है। अब तक 6 महिलाओं और एक बच्ची की मौत की पुष्टि हो गई है, जबकि 10 से अधिक महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमाका इतना जबरदस्त था कि आस-पास की फैक्ट्रियों के शीशे टूट गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में कई लोगों की स्थिति बेहद गंभीर है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। फिलहाल मौके पर फायर ब्रिगेड और पुलिसकर्मियों का दल राहत और बचाव कार्य में जुटा है।

यह भी पढ़ें: भिंड में टोल कर्मी के साथ हुई मारपीट, सेना के जवान सहित तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

ये हादसा बाथू इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में हुआ है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कैम्प कर रहे हैं। फिलहाल इस बात की जानकारी नहीं मिली है कि अचानक इतना बड़ा ब्लास्ट कैसे हुआ। मृतकों में एक तीन साल की बच्ची भी शामिल है। बताया जा रहा है कि ब्लास्ट के दौरान वह अपनी मां के साथ फैक्ट्री में ही थी।