भारतीय छात्र को गोली लगने पर कांग्रेस ने साधा सरकार पर निशाना, क्या 4 मंत्री सिर्फ ताली बजाने गए हैं

छात्र को गोली लगने के बाद वापस कीव की ओर लौटना पड़ा, कीव में उसका इलाज चल रहा है

Updated: Mar 04, 2022, 11:19 AM IST

नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में एक भारतीय छात्र को गोली लग गई है। छात्र को गोली लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है। खुद केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने छात्र के गोली लगने की पुष्टि की है। 

यूक्रेन की राजधानी कीव से निकलते वक्त भारतीय छात्र को गोली लग गई। जिसके बाद छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया। गोली लगने के कारण छात्र को वापस कीव ले जाया गया है। कीव के ही अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। 

पोलैंड में मौजूद केंद्रीय मंत्री वीके सिंह ने मीडिया को बताया कि मुझे जानकारी मिली है कि कीव में एक भारतीय छात्र को गोली लग गई है। जिसके बाद उसे बीच रास्ते से ही वापस कीव लौटना पड़ा। हम जल्द से जल्द छात्रों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं। 

कीव में भारतीय छात्र को गोली लगने की घटना को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि क्या सरकार ने चार मंत्रियों को सिर्फ ताली बजाने के लिए भेजा है? कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि एक और भारतीय छात्र को गोली लगी। Ukraine Russia War में बच्चों पर हर पल ख़तरा है। मग़र मोदी सरकार सिर्फ़ PR एजेंसी बनी हुई है।जो हज़ारों बच्चे यूक्रेन के अंदर भारी हमलों के बीच से निकल नहीं पा रहे उन्हें कब निकालेंगे ?चार मंत्रियों को क्या सिर्फ ताली बजाने के लिए भेजा है ?

इससे पहले खारकिव में कर्नाटक के रहने वाले एक छात्र की मौत हो गई थी। नवीन शेखरप्पा खारकिव शहर में रूसी बमबारी का शिकार हो गए थे। नवीन की मौत के बाद रूस ने इस मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है। वहीं यूक्रेन में रहने वाले एक अन्य छात्र चंदन जिंदल की मौत हो गई थी। चंदन जिंदल की मौत ब्रेन हैमरेज के कारण हुई थी। वह पंजाब के बरनाला के रहने वाले थे।