धनबाद: मॉब लिंचिंग का शिकार होते बचा मुस्लिम युवक, भाजपाइयों ने बेरहमी से की पिटाई, चटवाया थूक

भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी पर आगबबूला हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, सख्त कार्रवाई का दिया निर्देश, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

Updated: Jan 08, 2022, 09:38 AM IST

धनबाद। झारखंड के धनबाद में एक मुस्लिम युवक शुक्रवार को मॉब लिंचिंग का शिकार होते-होते बच गया। यहां भाजपा नेताओं ने उसकी न सिर्फ बेरहमी से पिटाई की बल्कि थूक चटवाया और जय श्रीराम के नारे लगाने के लिए मजबूर किया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुलिस को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम मोदी की कथित सुरक्षा चूक को मुद्दा बनाने के लिए हाईकमान ने भाजपा नेताओं को गांधी प्रतिमा के सामने मौन प्रदर्शन करने का निर्देश दिया था। इसी कार्यक्रम के तहत धनबाद में बीजेपी सांसद पीएन सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता मौन धरना दे रहे थे। इस दौरान वहां एक मुस्लिम युवक पहुंच गया और अपशब्द बोलने लगा। युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त था, इसके बावजूद गांधी की प्रतिमा के सामने ही भाजपाई अहिंसा पर उतर गए।

यह भी पढ़ें: डियर PM, आपकी चुप्पी हेट स्पीच को बढ़ावा देती है, IIM के छात्रों ने प्रधानमंत्री को लिखा खुला खत

भाजपा नेताओं ने पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की इसके बाद उसे थूक चाटने पर विवश किया। जाना बचाने के लिए मुस्लिम युवक ने यह भी किया लेकिन आरोपियों का मन नहीं भरा। आरोपियों ने उससे फिर 'जय श्रीराम' और 'बीजेपी जिंदाबाद' जैसे नारे लगवाए। पीड़ित धनबाद के वासेपुर इलाके के शमशेर नगर का रहने वाला है। उसके छोटे भाई ने बताया कि वह रांची के सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकेट्री में इलाज चल रहा है। 

बताया जा रहा है कि मौके पर सांसद पीएन सिंह की मौजूदगी के कारण क्रूरतापूर्ण पिटाई कर रहे भाजपाइयों को पुलिस भी नहीं रोक रही थी। बहरहाल मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। सीएम ने कहा है कि 'अमन चैन से रहने वाले झारखण्डवासियों के इस राज्य में वैमनस्य की कोई जगह नहीं है।'

मामले पर सीएम की सख्ती को देखते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर घटना में शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इस घटना में सांसद पीएन सिंह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।