लड़कियों को स्कूल में एंट्री देने से रोकना भयावह, हिजाब विवाद पर बोलीं मलाला यूसुफजई

नोबेल पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई ने भारतीय नेताओं से से अपील की है कि मुस्लिम महिलाओं को हाशिए पर जाने से रोकें

Updated: Feb 09, 2022, 05:02 AM IST

Photo Courtesy: Frontlist
Photo Courtesy: Frontlist

नई दिल्ली। हिजाब को लेकर कर्नाटक में जारी विवाद बढ़ता जा रहा है। राज्य में उत्पन्न मामूली विवाद अब हिंसक और उग्र रूप धारण कर चुका है। नोबेल शांति पुरस्कार विजेता मलाला यूसुफजई ने इस मामले पर चिंता जताई है। सामाजिक कार्यकर्ता मलाला ने भारतीय नेताओं से अपील की है कि मुस्लिम महिलाओं को हाशिए पर जाने से रोकें।

मलाला यूसुफजई ने ट्वीट किया, 'कॉलेज हमें पढ़ाई और हिजाब के बीच चयन करने के लिए मजबूर कर रहा है। लड़कियों को उनके हिजाब में स्कूल जाने से मना करना भयावह है। कम या ज्यादा पहनने के लिए महिलाओं का वस्तुकरण किया जाता है। भारतीय नेताओं को चाहिए कि वे मुस्लिम महिलाओं को हाशिए पर जाने से रोके।' 

बता दें कि मलाला पाकिस्तान में महिलाओं के अधिकारों को लेकर लगातार आवाज उठाती रही हैं। 11 साल की उम्र में ही उन्हें तालिबानी आतंकियों ने गोली मार दी थी। लंबे इलाज के बाद वह ब्रिटेन शिफ्ट हो गईं। साल 2014 में उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार जीतने वाली वह सबसे कम उम्र की महिला हैं।

उधर कर्नाटक में स्कूल कॉलेजों को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है। हिजाब को लेकर हाईकोर्ट में भी सुनवाई जारी है। हालांकि, कर्नाटक से जो तस्वीरें सामने आई वह विचलित करने वाली है।