संसद में शशि थरूर से भिड़े सिंधिया, अंग्रेजी में सवाल का हिंदी में जवाब को लेकर हुई नोंकझोंक

तमिलनाडु के सदस्यों द्वारा पूछे गए सवालों का उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिया हिंदी में जवाब, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने बताया अपमान

Updated: Feb 04, 2022, 05:33 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस से पाला बदलकर बीजेपी में गए ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार को संसद में दिग्गज कांग्रेस नेता शशि थरूर से भिड़ गए। अंग्रेजी में पूछे गए सवाल का हिंदी में जवाब देने को लेकर दोनों नेताओं के बीच सदन में तीखी नोंकझोंक हुई। थरूर ने सिंधिया के इस व्यवहार को तमिलनाडु के सदस्यों का अपमान बताया। 

दरअसल, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तमिलनाडु के सांसदों द्वारा पूछे गए पूरक सवालों का जवाब दे रहे थे। तमिलनाडु के सांसदों ने अंग्रेजी में सवाल पूछा था, लेकिन अंग्रेजी बोलने में सक्षम सिंधिया उन्हें हिंदी में जवाब देने लगे। चूंकि, तमिलनाडु के सांसद हिंदी नहीं समझ पाते हैं, इसलिए शशि थरूर ने सिंधिया से अंग्रेजी में बोलने का अनुरोध किया। लेकिन सिंधिया हिंदी में ही जवाब देने पर अड़े रहे। 

यह भी पढ़ें: चुनाव पूर्व पंजाब में बढ़ी ईडी की सक्रियता, CM चन्नी के भतीजे को मनी लॉन्ड्रिंग केस में किया गिरफ्तार

शशि थरूर ने सिंधिया के इस बर्ताव पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि, 'मंत्री अंग्रेजी बोलते हैं। उन्हें अंग्रेजी में जवाब देने दीजिए। कृपया हिंदी में जवाब न दें यह लोगों का अपमान है।' इसपर सिंधिया थरूर के साथ बहस करने गए। उन्होंने कहा कि, 'यह अजीब बात है। हिंदी में बोलूं तो आपको ऐतराज हो रहा है। मैं अंग्रेजी में जवाब क्यों दूं, जबकि सदन में ट्रांसलेटर भी हैं।'

इस दौरान लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला भी सिंधिया का पक्ष लेते दिखे। ओम बिरला ने कहा कि यह किसी का अपमान नहीं है। दरअसल, DMK सांसद पी वेलुस्वामी ने पूरक प्रश्न अंग्रेजी में पूछे थे, इसका जवाब में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हिंदी में दिया। सिंधिया ने जवाब में बताया की UDAN योजना में हर राज्य के एयरपोर्ट शामिल किए गए हैं। 5 ग्रुप के टेंडर में करीब साढ़े 900 बोली लगे हैं।