MP यूथ कांग्रेस के प्रभारी ने ज्वाइन किया AAP, कहा कांग्रेस में ग्रोथ की संभावना नहीं

यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पद से अंकित डेढ़ा ने दिया इस्तीफा, बोले- शीर्ष नेतृत्व से कोई बैर नहीं है, दिल्ली कांग्रेस कमेटी हमें दबाती है, गरीब परिवार के बच्चों को ये आगे बढ़ते नहीं देखना चाहते

Updated: Mar 09, 2022, 11:47 AM IST

नई दिल्ली/भोपाल। इंडियन यूथ कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व मध्य प्रदेश के प्रभारी अंकित डेढ़ा ने सभी पदों से इस्तीफा देकर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। डेढ़ा ने कहा है कि वे अरविंद केजरीवाल के विचारों से प्रभावित हैं। 

अंकित डेढ़ा ने एक ट्वीट में लिखा कि, 'आज मैंने श्री अरविन्द केजरीवाल से प्रभावित होकर दिल्ली में आम आदमी पार्टी जॉन की और कांग्रेस के प्राथमिक सदस्यता से इस्तिफ़ा दिया। आम आदमी पार्टी मज़दूरों, किसानों, मज़लूमो, शोषितों, उत्पीड़ित, वंचितों और सर्व समाज के उत्थान की पार्टी है।' 

अंकित डेढ़ा मध्य प्रदेश की राजनीति में भी काफी सक्रिय रहे हैं। मध्य प्रदेश एनएसयूआई के प्रभारी रहते हुए उन्होंने कई छात्र आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई और राजधानी भोपाल समेत अन्य शहरों में कई बार जेल भी गए। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के डेढ़ा के पास जबलपुर संभाग का प्रभार था। 

दशकों बाद कांग्रेस छोड़कर आप जॉइन करने की नौबत क्यों आई यह पूछे जाने पर अंकित डेढ़ा ने कहा कि, 'शीर्ष नेतृत्व से हमारी कोई लड़ाई नहीं है। मैं साल 2012 में दिल्ली एनएसयूआई का अध्यक्ष बना था। मेरी नियुक्ति नहीं हुई थी बल्कि निर्वाचित अध्यक्ष था। मैने छात्र-नौजवानों के लिए दशकों तक संघर्ष किया और लाठियां खाई। दिल्ली की जो प्रदेश कांग्रेस कमेटी है वह गरीब परिवार के बेटे को आगे बढ़ने नहीं देती है। मैं IYC चीफ श्रीनिवास बी वी से भी कई बार इस बारे में बात कर चुका हूं। मुझे लगता है की आज के समय में बीजेपी जैसी फासीवादी शक्तियों से लड़ने के लिए AAP ही एकमात्र विकल्प है।'