महात्मा गांधी की प्रतिमा पर लगाया मास्क, कांग्रेस के विरोध के बाद डीएम ने दिए जांच के आदेश

बिहार के सीतामढ़ी का मामला, असामाजिक तत्वों ने राष्ट्रपिता गांधी की प्रतिमा पर मास्क लगा दिया, जिसके बाद यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष की शिकायत पर जांच के आदेश दिए गए

Publish: Jan 27, 2022, 12:15 PM IST

Photo Courtesy: Aaj Tak
Photo Courtesy: Aaj Tak

पटना। बिहार में दिन दहाड़े राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। बिहार के सीतामढ़ी में गणतंत्र दिवस के अवसर पर कुछ शरारती तत्वों ने गांधी जी की प्रतिमा पर मास्क लगा दिया। लेकिन प्रशासन को इस घटना की भनक तक नहीं लगी। यूथ कांग्रेस के ज़िला अध्यक्ष द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद प्रशासन हरकत में आया। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बुधवार दोपहर में सीतामढ़ी के गांधी चौक पर स्थित गांधी प्रतिमा पर कुछ असामाजिक तत्वों ने मास्क लगा दिया। हैरानी भरी बात यह है कि जिस जगह पर यह प्रतिमा है, वहां पर हमेशा पुलिस की तैनाती रहती है। लेकिन प्रतिमा पर मास्क लगाने की भनक तक प्रशासन को नहीं लगी। 

गांधी जी की प्रतिमा पर मास्क लगाए जाने की जानकारी ज़िला प्रशासन तक यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ने पहुंचाई। यूथ कांग्रेस के ज़िला अध्यक्ष शम्स शाहनवाज किसी को इस मामले की फोन पर जानकारी दी। वहीं गांधी प्रतिमा पर लगी मास्क की तस्वीर यूथ कांग्रेस नेता ने डीएम मुमुक्षु कुमार चौधरी को भेजकर शिकायत दर्ज कराई। 

यूथ कांग्रेस के नेता ने मीडिया को बताया कि उन्हें खुद किसी व्यक्ति ने फोन कर इस घटना की जानकारी दी थी। जिसके बाद वे गांधी चौराहे पर पहुंचते ही दंग रह गए। कांग्रेस नेता ने कहा कि डीएम ने मामले को संज्ञान में लेते हुए कार्रवाई के आदेश दिए हैं।