राष्ट्रपिता की कर्मभूमि में असामाजिक तत्वों ने तोड़ी बापू की प्रतिमा, इलाके में आक्रोश

मोतिहारी के चरखा पार्क में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा को कुछ आसामजिक तत्वों ने तोड़ दिया, प्रतिमा तोड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है, ज़िला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंच कर लोगों का गुस्सा शांत कराया

Publish: Feb 14, 2022, 12:39 PM IST

मोतिहारी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कर्मभूमि बिहार के मोतिहारी शहर में उनकी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। कुछ आसामाजिक तत्वों ने चरखा पार्क में स्थापित राष्ट्रपिता की मूर्ति तोड़ डाली। जिसके पास स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक सोमवार दोपहर को चरखा पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त हालत में मिली। प्रतिमा का लगभग पूरा हिस्सा असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया था। प्रतिमा तोड़े जाने की सूचना मिलने पर लोगों में आक्रोश बढ़ गया। 

घटनाक्रम की सूचना मिलने पर डीएम और एसपी तत्काल ही मौके पर पहुंचे। जिसके बाद उन्होंने प्रतिमा को संग्रहित कराया। उन्होंने लोगों को प्रतिमा तोड़ने वाले असामाजिक तत्वों को पकड़ने और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। 

डीएम ने प्रशासनिक अमले को चरखा पार्क में सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्दश दिए हैं। वहीं पार्क की पहरेदारी के लिए एक गार्ड की नियुक्ति और पार्क में रोशनी के लिए लाइट लगाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के लिए कहा है। 

इससे पहले बिहार के ही सीतामढ़ी में महात्मा गांधी की प्रतिमा से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। गणतंत्र दिवस के मौके पर कुछ असामाजिक तत्वों ने राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर मास्क लगा दिया था।