मेरे लिए गड्ढा खोदने वाले खुद 10 गुना गहरे गड्ढे में दफन हो गए, अपने विरोधियों पर नवजोत सिंह सिद्धू ने बोला हमला

नवजोत सिंह सिद्धू ने पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत पर बधाई देते हुए कहा कि जब तक आम आदमी पार्टी राज्य की जनता की बेहतरी के लिए काम करेगी तब तक वे साथ देंगे लेकिन उन्हें जब भी लगेगा कि आम आदमी पार्टी अपने वादों से भटक रही है तो वे अपनी आवाज़ को उठाएंगे

Publish: Mar 11, 2022, 10:51 AM IST

चंडीगढ़। पंजाब में कांग्रेस को मिली निराशाजनक हार पर पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने बड़ा बयान दिया है। नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि उनके लिए गड्ढा खोदने वाले लोग खुद दस फीट गहरे दफन हो गए। नवजोत सिंह सिद्धू के इस बयान को कैप्टन अमरिंदर सिंह से जोड़कर देखा जा रहा है। 

नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने बयान में कहा कि जिन लोगों ने सिद्धू के लिए गड्ढे खोद थे वे खुद दस गुना अधिक गहरे गड्ढे में दफन हो गए। कांग्रेस नेता ने कहा कि कौन कहता है कि बेअदबी का इंसाफ नहीं होता। हुआ, वो भी जनता की अदालत में हुआ। सिद्धू ने कहा कि मुर्दे के बाल उखाड़ने से वज़न कम नहीं होता। 

सिद्धू ने कहा कि जो चला गया उसे जाने दिया जाए। पंजाब में एक नया सवेरा आया है। पंजाब की जनता ने बेहतरी के लिए आम आदमी पार्टी को वोट किया है। आम आदमी पार्टी को पंजाब की बेहतरी के लिए काम करना होगा। सिद्धू ने कहा कि जब तक आम आदमी पार्टी पंजाब की जनता के हितों के लिए काम करेगी, तब तक वे साथ देंगे। लेकिन जब उन्हें लगा कि आम आदमी पार्टी जनता को किए वादों को पूरा करने से आनाकानी कर रही है, तब तब वे जनता के लिए अपनी आवाज़ उठाते रहेंगे। 

नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि हम जनता के फैसले को विनम्र भाव से स्वीकार करते हैं। वहीं उन्होंने कांग्रेस पार्टी को लेकर कहा कि हमारे लिए आत्मंथन करने का वक्त है। हमें एक नया आरंभ करना होगा, नए बीज बोने होंगे। यह चिंता का नहीं आत्मचिंतन का वक्त है।