गृहमंत्री अमित शाह के घर के बाहर यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, अध्यक्ष श्रीनिवास समेत अनेक गिरफ्तार

कर्नाटक के मंत्री केएस ईश्वरप्पा की बर्खास्तगी की मांग कर रहे थे IYC कार्यकर्ता, मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया भी थे मौजूद

Updated: Apr 14, 2022, 07:35 AM IST

नई दिल्ली। भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को दिल्ली स्थित केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सैंकड़ों की संख्या में मौजूद यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमित शाह और बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद लिस ने प्रदर्शन कर रहे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

गृहमंत्री शाह के घर के बाहर प्रदर्शन करने वालों में IYC के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी और MPYC चीफ डॉ विक्रांत भूरिया भी मौजूद थे। पुलिस इन्हें उठाकर मंदिर मार्ग थाने ले गई और मुकदमा दर्ज कर लिया। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता कर्नाटक के मंत्री केएस ईश्वरप्पा को बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे। श्रीनिवास बी वी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, 'संतोष पाटिल ने आत्महत्या करते हुए अपने अंतिम शब्दों में स्पष्ट रूप से कहा है कि भाजपा मंत्री केएस ईश्वरप्पा की 40 प्रतिशत कमीशन की मांग ने उन्हें इतना बड़ा कदम उठाया है।'

दरअसल, कर्नाटक के मंत्री केएस ईश्वरप्पा और उनके सहयोगियों बसवराज और रमेश पर ठेकेदार संतोष पाटिल की आत्महत्या के मामले में एफआईआर दर्ज किया गया है। इस संबंध में मंत्री ईश्वरप्पा को मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने तलब किया है। ईश्वरप्पा और उनके सहयोगियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पाटिल के भाई प्रशांत की शिकायत पर उडुपी में मामला दर्ज किया गया था।

गौरतलब है कि कर्नाटक के मंत्री केएस ईश्वरप्पा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले ठेकेदार संतोष पाटिल मंगलवार को उडुपी के एक लॉज में मृत पाए गए। संतोष पाटिल के भाई प्रशांत पाटिल ने अपने भाई की मौत के लिए ईश्वरप्पा को जिम्मेदार ठहराया है। प्रशांत पाटिल ने कहा कि मेरे भाई की मौत के लिए ईश्वरप्पा जिम्मेदार हैं। उन्होंने ठेकेदार संतोष पाटिल से रिश्वत या कमीशन मांग। इसके बाद उन्होंने मानहानि का मुकदमा दर्ज कर लिया।