NSE की पूर्व अध्यक्ष चित्रा रामकृष्ण गिरफ्तार, CBI पिछले तीन दिनों से कर रही थी पूछताछ

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की पूर्व सीईओ चित्रा रामकृष्ण  गिरफ्तार, कथित हिमालयन योगी के साथ साझा की थी संवेदनशील जानकारी

Publish: Mar 07, 2022, 03:39 AM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

नई दिल्ली। NSE की पूर्व सीईओ चित्रा रामकृष्ण को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी गिरफ्तारी के तीन दिन पहले से पहले केंद्रीय जांच एजेंसी उनसे पूछताछ कर थी। जानकारी के मुताबिक रामकृष्ण को दिल्ली में गिरफ्तार किया गया और उन्हें मेडिकल चेकअप के लिए ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि बाद में उन्हें सीबीआई मुख्यालय में लॉकअप में रखा गया था। 

दरअसल, चित्रा रामकृष्णन ने यह कहकर सनसनी फैला दी थी कि वो एनएसई के मामलों में एक 'हिमालयन योगी' के साथ जानकारी साझा करती रही थीं। हालांकि बाद में उस योगी की पहचान उनके पूर्व सहयोगी आनंद सुब्रमण्यम के तौर पर ही हुई, जिसे उन्होंने मोटे वेतन पर रखा था।

सेबी ने चित्रा रामकृष्ण पर गोपनीय जानकारियां लीक करने का आरोप लगाया है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज की तीन साल सीईओ रहीं चित्रा रामकृष्ण के बारे में इस खुलासे के बाद शेयर बाजार में हड़कंप मच गया था। इस घोटाले की जांच में देरी को लेकर भी सवाल उठे थे। चित्रा रामकृष्ण के ईमेल की जांच पड़ताल से इस पूरे घटनाक्रम का पता चला था और जांच सीबीआई को सौंपी गई थी।

इससे पहले सीबीआई के अधिकारियों ने आनंद सुब्रमण्यम से चेन्नई में तीन दिनों तक पूछताछ की थी। इस दौरान सुब्रमण्यम गोलमोल जवाब दे रहे थे। नतीजतन सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तात्र कर लिया। उनसे यह पूछताछ की गई थी कि उन्हें एनएसई के चीफ स्ट्रेटजी ऑफिसर म पद पर नियुक्ति किस तरह मिली। साथ ही तत्कालीन मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ चित्रा रामकृष्ण के साथ उनके क्या रिश्ते थे।