रक्षा मंत्री के बेटे का प्रचार करने पहुंचे मनोज तिवारी का हुआ विरोध, महिलाओं ने दिखाए जूते

मनोज तिवारी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज का चुनावी प्रचार करने पहुंचे थे, नोएडा के सेक्टर 16 में लोगों ने भाजपा नेता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की

Publish: Feb 03, 2022, 03:55 AM IST

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रचार करने जा रहे भाजपा नेताओं के विरोध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह का प्रचार करने गए मनोज तिवारी को कड़ा विरोध झेलना पड़ गया। महिलाओं ने भाजपा नेता को जूते तक दिखा दिए। 

यह घटना नोएडा के सेक्टर 16 में हुई। इस जगह पर पूर्वांचल के लोग अच्छी तादाद में रहते हैं। इसलिए मनोज तिवारी इस जगह पर पंकज सिंह का प्रचार करने पहुंचे। लेकिन यहां पहुंचते ही लोगों का आक्रोश टूट पड़ा और उन्होंने मनोज तिवारी का विरोध करना शुरू कर दिया। 

विरोध करने वाले लोगों में महिलाएं भी शामिल थीं। महिलाओं ने मनोज तिवारी को जूते दिखा दिए। इसके साथ ही लोग अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाने लग गए। लोगों के विरोध को देख मनोज तिवारी दूसरी जगहों पर डोर टू डोर कैंपेन करने चले गए। बीजेपी नेता ने सेक्टर 66, सेक्टर 71, सेक्टर 82 में प्रचार किया। 

हालांकि मनोज तिवारी इकलौते ऐसे नेता नहीं है, जिनका इस चुनावी अभियान में विरोध हुआ है। खुद उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी लोगों का विरोध झेल चुके हैं। वहीं अन्य बीजेपी विधायकों को भी प्रचार अभियान के दौरान जनता का भारी आक्रोश झेलना पड़ा है।