हम विदेशों से मूर्तियां ला रहे हैं, युवा ट्रेंडिंग गानों पर रील्स बनाएं, यूक्रेन संकट के बीच मन की बात में बोले PM मोदी

पीएम मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम के दौरान युवाओं से आह्वान किया कि वे भारतीय भाषाओं के पॉपुलर गानों पर वीडियो बनाएं, इससे वे पॉपुलर हो जाएंगे

Updated: Feb 27, 2022, 08:19 AM IST

Photo Courtesy: HT
Photo Courtesy: HT

नई दिल्ली। रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के कारण भारत के हजारों छात्र-छत्राएं यूक्रेन में फंसे हैं। वे लगातार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगा रहे हैं। छात्रों को आज उम्मीद थी कि पीएम मोदी मन की बात कार्यक्रम में उनके वतन-वापसी संबंधी कुछ ठोस ऐलान करेंगे। हालांकि, छात्रों को मायूसी हाथ लगी क्योंकि प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा दायित्व विदेशों से मूर्तियां लाना है। उन्होंने नौजवानों से कहा कि आप ट्रेंडिंग गानों पर रील्स (वीडियो) बनाएं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात माध्यम से देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि, 'मन की बात की शुरुआत हम भारत की सफलता के जिक्र के साथ करेंगे। इस महीने की शुरुआत में भारत, इटली से अपनी एक बहुमूल्य धरोहर को लाने में सफल हुआ है। ये धरोहर है अवलोकितेश्वर पद्मपाणि की हजार साल से भी ज्यादा पुरानी प्रतिमा। ये मूर्ति कुछ वर्ष पहले बिहार में गया जी के देवी स्थान कुंडलपुर मंदिर से चोरी हो गई थी।'

यह भी पढ़ें: यूक्रेन में फंसे छात्रों का जीना दूभर, 50KM पैदल चलकर पोलैंड बॉर्डर पहुंचे, भूख और प्यास से हालत खराब

पीएम मोदी ने आगे कहा कि, 'हमारे इतिहास में देश के कोने-कोने में एक से एक मूर्तियां बनती रही हैं। बहुत सारी मूर्तियां चोरी होकर भारत से बाहर जाती रहीं। इन मूर्तियों को वापस लाना हमारा दायित्व है। पिछले सात वर्षों में हम 200 से अधिक मूर्तियों को वापस ला चुके हैं।'

पीएम मोदी ने इस दौरान देश के युवाओं से ट्रेंडिंग गानों पर रील्स बनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने तंजानिया के किली और नीमा पॉल का उदाहरण देते हुए कहा कि, 'वे लिप सिंक के जरिए वीडियो बनाते हैं और चर्चा में हैं। भारत में कई भाषाओं में कई प्रकार के गीत हैं। क्या गुजराती बच्चे तमिल गीत पर वीडियो बना सकते हैं? केरल का बच्चे असमिया गीत पर, कन्नड़ के बच्चे जम्मू-कश्मीर के गीतों पर वीडियो बनाएं। आजादी के अमृत महोत्सव को एक नए तरीके से मना सकते हैं। मैं नौजवानों से आह्वान करता हूं कि आइए और जो भारतीय भाषाओं के पॉपुलर गीत हैं, उनके अपने तरीके से वीडियो बनाइए। बहुत पॉपुलर हो जाएंगे आप।'