नहीं रहे महाभारत के भीम, 74 वर्ष की उम्र में प्रवीण कुमार सोबती का निधन

प्रवीण कुमार सोबती ने बीआर चोपड़ा की महाभारत में भीम का किरदार निभाया था, सीरियल में कृष्ण का किरदार निभाने वाले अभिनेता नीतीश भारद्वाज ने प्रवीण के निधन की जानकारी दी है

Updated: Feb 08, 2022, 05:53 AM IST

मुंबई। महाभारत में गदाधारी भीम का किरदार निभाने वाले प्रवीण कुमार सोबती का निधन हो गया है। उन्होंने 74 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। मंगलवार सुबह को प्रवीण कुमार सोबती ने अंतिम सांस ली। वे काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनके निधन की खबर सुनकर हर कोई सदमे में है। 

महाभारत में कृष्ण का किरदार निभाने वाले नीतीश भारद्वाज ने प्रवीण कुमार सोबती के निधन की जानकारी दी है। नीतीश भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर प्रवीण कुमार की तस्वीरों को साझा करते हुए कहा है कि प्रवीण कुमार अब हमारे बीच नहीं है। एशियन गेम्स के चैम्पियन जो महाभारत में निभाए गए भीम के किरदार के लिए विख्यात थे। नीतीश भारद्वाज ने कहा कि इस समय उनकी यादें ज़हन में तैर रही हैं।

प्रवीण कुमार अभिनय के क्षेत्र में कदम रखने से पहले एथलीट थे। वे हैमर और डिस्कस थ्रो खेला करते थे। इसमें उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व किया था। प्रवीण कुमार ने एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल भी जीते थे। उन्होंने ओलंपिक में भी दो मर्तबा देश का प्रतिनिधित्व किया था।

खेल और अभिनय जगत में नाम कमाने के साथ साथ प्रवीण कुमार ने राजनीति में भी कदम रखा था। प्रवीण कुमार ने सबसे पहले आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। लेकिन इसके बाद वे बीजेपी में शामिल हो गए थे।