औरत क्या पहनेगी यह औरत तय करेगी, औरत का उत्पीड़न बंद करें: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने हिजाब विवाद पर बड़ी टिप्पणी की है, उन्होंने औरतों के संवैधानिक अधिकारों को सुनिश्चित करने की मांग की है

Updated: Feb 09, 2022, 05:37 AM IST

नई दिल्ली। कर्नाटक से शुरू हुआ हिजाब विवाद अब पूरे देश में एक बहस का मुद्दा बन गया है। सोशल मीडिया भी दो धड़ों में बंट गया है। इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस पूरे मसले पर बड़ी टिप्पणी की है। प्रियंका गांधी ने कहा है कि औरत को क्या पहनना है, यह औरत तय करेगी। इसलिए उसका उत्पीड़न बंद किया जाना चाहिए। 

प्रियंका गांधी ने अपने ट्विटर हैंडल पर इस पूरे मसले पर अपनी राय व्यक्त करते हुए कहा कि चाहे वह बिकनी हो, घूंघट या हिजाब, एक औरत को क्या पहनना है यह उसके अधिकार क्षेत्र में आता है। और यह अधिकार एक औरत को इस देश के संविधान ने दिया है। इसलिए उसका उत्पीड़न करना बंद करें। अपने ट्वीट में प्रियंका गांधी ने छात्रों के समर्थन में अपने बहुचर्चित नारे लड़की हूं, लड़ सकती हूं का भी उल्लेख किया है।

दरअसल कर्नाटक में मुस्लिम छात्रों को हिजाब पहनकर कॉलेज और स्कूलों में जाने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। इस पूरे मामले ने हिंदू मुस्लिम संघर्ष का रूप अख्तियार कर लिया है। कर्नाटक में जगह जगह पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ता छात्राओं के सामने जय श्री राम के नारे का उद्घोष करते देखे जा रहे हैं। 

इस मामले से संबंधित एक याचिका की सुनवाई कर्नाटक हाई कोर्ट में भी हो रही है। कर्नाटक हाई कोर्ट ने मंगलवार को हुई अपनी सुनवाई में यह स्पष्ट किया है कि कोर्ट संविधान के अनुसार ही चलेगा। संविधान उसके लिए भगवद्गीता के ऊपर है।याचिका की सुनवाई के वक्त कोर्ट ने जय श्री राम का नारा लगाने और मुस्लिम छात्राओं को परेशान किए जाने जान की घटनाओं पर आपत्ति भी जताई है।