अपना स्कार्फ उतारो, हिजाब विवाद पर बहस कर रहे पत्रकार को प्रियंका गांधी ने दिया मुंहतोड़ जवाब

यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने आज अपना तीसरा घोषणापत्र जारी किया, इसी दौरान एक पत्रकार ने प्रियंका गांधी से हिजाब विवाद को लेकर सवाल पूछ लिया, प्रियंका गांधी के जवाब के बाद पत्रकार बहस करने पर उतारू हो गया, जिसके बाद प्रियंका गांधी ने उसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता का पाठ पढ़ा दिया

Publish: Feb 09, 2022, 09:53 AM IST

नई दिल्ली। देश भर में हिजाब को लेकर जारी बहस के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार को व्यक्तिगत स्वतंत्रता का पाठ पढ़ा दिया। पत्रकार ने प्रियंका गांधी से हिजाब विवाद से जुड़ा एक सवाल पूछा था। जिसके जवाब में प्रियंका गांधी ने कहा कि एक महिला को उसके पसंद के कपड़े पहनने का अधिकार है। 

प्रियंका गांधी का यह जवाब पत्रकार के गले नहीं उतरा। पत्रकार प्रियंका गांधी से बहस करने पर उतारू हो गया। जिसके बाद प्रियंका गांधी ने भरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार को अपना स्कार्फ उतारने के लिए कह डाला। प्रियंका गांधी ने पत्रकार को व्यक्तिगत स्वतंत्रता का पाठ पढ़ाते हुए पत्रकार को कहा कि यही जबरदस्ती कोई किसी महिला के साथ नहीं कर सकता। 

पत्रकार के सवाल पूछने के बाद प्रियंका गांधी ने जवाब में कहा था कि एक महिला चाहे बिकनी पहने, घूंघट, जींस पहने या हिजाब पहने, यह उसका अधिकार है। प्रियंका के जवाब को गोलमाल घुमाते हुए पत्रकार ने कहा कि स्कूल में बिकनी पहनकर जाने की इजाजत दी जाएगी? पत्रकार के इस बेतुके सवाल पर प्रियंका गांधी बिफर गईं। और उन्होंने पत्रकार को सबक सिखाने के लिए पत्रकार से अपना स्कार्फ उतारने के लिए कह दिया। इसके बाद पत्रकार ने कहा कि मैं आपकी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बैठा हूं, स्कूल में नहीं। प्रियंका गांधी ने कहा कि इसी अधिकार की मैं बात कर रही हूं। कोई जोर जबरदस्ती नहीं कर सकता। 

यह भी पढ़ें : औरत क्या पहनेगी यह औरत तय करेगी, औरत का उत्पीड़न बंद करें: प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी की यह प्रेस कॉन्फ्रेंस उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के मद्देनजर घोषणा पत्र जारी करने को लेकर थी। कांग्रेस पार्टी ने आज अपना उन्नति विधान जारी किया। जिसमें कांग्रेस पार्टी ने सरकार बनने के दस दिनों के भीतर किसानों का कर्ज़ा माफ करने का एलान किया। इसके साथ ही सरकारी नौकरी में महिलाओं को चालीस फीसदी आरक्षण देने का एलान किया। 

वहीं कोरोना काल के बिजली बिल को माफ और सरकार बनने पर बिजली बिल में 50 फीसदी कटौती की भी घोषणा की। उत्तर प्रदेश में बीस लाख युवाओं को रोजगार का अवसर प्रदान करने का भी एलान किया। दस लाख तक के मुफ्त इलाज और शिक्षकों के रिक्त पद भरने और शिक्षामित्रों के नियमतीकरण का भी एलान किया।