विवाद योगी मोदी और अमित शाह जी के बीच होगा, मेरा भाई मेरे लिए जान दे देगा: प्रियंका गांधी

उत्तराखंड में सीएम योगी ने चुनावी प्रचार के दौरान कहा था कि भाई बहन के आपसी विवाद और वर्चस्व की लड़ाई के बीच कांग्रेस डूब जाएगी

Updated: Feb 13, 2022, 09:18 AM IST

नई दिल्ली। सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर बोले गए निजी हमले का कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने करारा जवाब दिया है। प्रियंका गांधी ने सीएम योगी, प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का ज़िक्र करते हुए कहा है कि विवाद इन तीनों के बीच होगा, मेरा भाई मेरे लिए अपनी जान दे देगा। 

चुनावी अभियान के लिए निकलते वक्त एबीपी न्यूज़ के एक रिपोर्टर ने प्रियंका गांधी से सीएम योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रियंका गांधी की प्रतिक्रिया मांगी। इसके जवाब में प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं अपने भाई के लिए अपनी जान दे दूंगी, और मेरा भाई मेरे लिए जान दे देगा। तो विवाद कैसा? 

प्रियंका गांधी ने आगे कहा कि लगता है योगी जी उस विवाद की बात कर रहे हैं, जो उनके मन में है। प्रियंका गांधी ने कहा कि विवाद तो योगी जी, मोदी जी और अमित शाह के बीच चल रहा है। 

दरअसल सीएम योगी ने उत्तराखंड में चुनावी प्रचार करते वक्त गांधी परिवार पर निजी हमले किए। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के बीच जारी आपसी विवाद और वर्चस्व की लड़ाई कांग्रेस को ले डूबेगी। अब सीएम योगी आदित्यनाथ के बयान पर पलटवार करते हुए प्रियंका गांधी ने बीजेपी में जारी विवाद की बहस छेड़ दी है। 

प्रियंका गांधी ने इसके असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मेरी माँ एक शहीद की विधवा है। उन्होंने अपने पति के देश को अपनाया और पूरा जीवन देश की सेवा की. उन्हें इस तरह जलील करने की क्या जरूरत थी?