राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनना चाहिए, CWC बैठक से पहले अशोक गहलोत का बड़ा बयान

24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक शुरू, बैठक से पहले यूथ कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बोले- गांधी परिवार देश के सभी वर्गों को एक माला में पिरोकर रखने वाला धागा है

Updated: Mar 13, 2022, 10:37 AM IST

Photo Courtesy: NDTV
Photo Courtesy: NDTV

नई दिल्ली। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक शुरू होने से ठीक पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का बड़ा बयान सामने आया है। सीएम गहलोत ने कहा है कि राहुल गांधी को ही कांग्रेस का अध्यक्ष बनना चाहिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार शाम चार बजे 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर सीडब्ल्यूसी की बैठक शुरू हो गई है।

सीडब्ल्यूसी बैठक से पहले यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने भी बड़ा बयान दिया था। श्रीनिवास बी वी ने कहा कि, 'देश की अखंडता के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने वाली इस विरासत को मिटाने की साजिशें कई बार हुई, लेकिन कभी कोई कामयाब नही हुआ। गांधी परिवार न सिर्फ कांग्रेस को बल्कि देश के सभी वर्गों को एक माला में पिरोकर रखने वाला धागा है जिसका अस्तित्व किस चुनावी हार-जीत पर निर्भर नही करता।'

बता दें कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में मिली अप्रत्याशित हार के बाद कांग्रेस अपने शीर्ष नेतृत्व के साथ आपात बैठक कर रही है। सीडब्ल्यूसी की इस बैठक में विधानसभा चुनावों में मिली हार की समीक्षा से लेकर कांग्रेस के पुनर्गठन और आगामी चुनावों की रणनीति पर कांग्रेस के दिग्गज चर्चा करेंगे। सीडब्ल्यूसी की बैठक में सभी राज्यों के नेताओं के साथ ही G-23 समूह (पार्टी की कार्यविधि से नाराज नेताओं का समूह) के नेताओं को बुलाया गया है।