CM अशोक गहलोत के भाई के घर CBI का छापा, कांग्रेस बोली- बौखलाहट में कार्रवाई कर रही केंद्र सरकार

राजस्थान सीएम के भाई अग्रसेन गहलोत के ठिकाने पर शुक्रवार सुबह अचानक CBI की टीम पहुंची, इस छापेमार कार्रवाई को राहुल गांधी के लिए अशोक गहलोत द्वारा दिल्ली में किये जा रहे प्रदर्शन से भी जोड़कर देखा जा रहा है

Updated: Jun 17, 2022, 08:23 AM IST

Photo Courtesy: ABP
Photo Courtesy: ABP

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के भाई अग्रसेन गहलोत के घर और दुकान पर CBI ने छापा मारा है। अग्रसेन गहलोत के ठिकाने पर शुक्रवार सुबह अचानक CBI की टीम पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दिया। CBI की इस छापेमार कार्रवाई को राहुल गांधी के लिए अशोक गहलोत द्वारा दिल्ली में किये जा रहे प्रदर्शन से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

राजस्थान कांग्रेस ने इसे बदले की कार्रवाई करार दिया है। प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि, 'कांग्रेस के इंकलाब से भयभीत केंद्र सरकार बौखलाहट में कांग्रेस नेताओं व उनके परिवार पर बदले की भावना से CBI, ED की छापेमारी के बहाने डराने और धमकाने का कार्य कर रही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री के परिवार पर CBI की छापेमारी इसका सबूत है। हम ना डरेंगे,ना झुकेंगे।'

यह भी पढ़ें: अग्निपथ की आग में जल रहा बिहार, 19 जिलों में हालात बेकाबू, भीड़ ने 6 ट्रेनें फूंक दी, दक्षिण भारत में भी विरोध

बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह सीबीआई अफसरों की गाड़ियां दिल्ली से जोधपुर पहुंची और उसके बाद सीएम के छोटे भाई के बंगले में पहुंची
 वहां पर पूछताछ शुरु की गई है। हालांकि, इस बारे में लोकल सीबीआई की टीम को भी जानकारी नहीं दी गई है और न ही लोकल पुलिस को इस रेड के बारे में बताया गया है।

सीबीआई की एक टीम उनके पावटा स्थित दुकान पर भी पहुंची है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सीबीआई की यह रेड उर्वरक घोटाले मामले में की जा रही है या फिर किसी अन्य मामले से संबंधित छापेमारी की जा रही है। इसके पहले ईडी भी उनके घर छापेमारी कर चुकी है।

दरअसल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में सीएम अशोक गहलोत और प्रदेश के कई सीनियर नेता कुछ दिनों से दिल्ली में हैं। वहां ईडी और पुलिस के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रर्दशन जारी हैं। सीएम गहलोत इस प्रदर्शन में अहम भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में उनके छोटे भाई अग्रसेन गहलोत के यहां सीबीआई की रेड के बाद कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।