रिलायंस जियो फिर ठप: मुंबई में कॉलिंग और इंटरनेट सुविधा बाधित, ग्राहकों का फूटा गुस्सा

देश की शीर्ष मोबाइल नेटवर्क सर्विस प्रोवाइडर रिलायंस जियो की सेवाएं एक बार फिर ठप पड़ गई है, मुंबई सर्किल में यूजर्स कॉल नहीं कर पा रहे हैं, पिछले चार महीने में यह दूसरा मौका है जब रिलायंस ठप हुआ है

Updated: Feb 05, 2022, 12:17 PM IST

Photo Courtesy: The Indian Express
Photo Courtesy: The Indian Express

मुंबई। देश की शीर्ष मोबाइल नेटवर्क सर्विस प्रोवाइडर रिलायंस जियो की सेवाएं एक बार फिर ठप पड़ गई है। मुंबई सर्किल के जियो यूजर्स ना कॉल कर पा रहे हैं और ना ही इंटरनेट इस्तेमाल कर पा रहे हैं। पिछले चार महीने में यह दूसरा मौका है जब मुंबई में जियो की सेवाएं ठप पड़ी हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में जियो की मोबाइल और इंटरनेट सर्विस पूरी तरह से ठप हो गई हैं। जियो यूजर्स से न तो कॉल कनेक्ट कर पा रहे हैं न ही नेट चल रहा है। कई यूजर्स ने जियो के नेटवर्क डाउन की जानकारी सोशल प्लेटफॉर्म पर शेयर की है। इतना ही नहीं, देशभर से जियोफाइबर सर्विस में प्रॉब्लम की बातें भी सामने आ रही हैं। जियो डाउन होने के कारण कंपनी के खिलाफ सोशल मीडिया पर यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा है।

यह भी पढ़ें: मुंबई में ट्रैफिक जाम की वजह से हो रहे हैं तलाक, देवेंद्र फडणवीस की पत्नी का अजीबोगरीब दावा

बताया जा रहा है कि जियो ने मुंबई में नेटवर्क को बंद कर दिया है। अभी इस बात का पता नहीं चला है कि यह ब्रेकडाउन किस वजह से हुआ है। बता दें कि देशभर में रिलायंस जियो के 44 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं। इसमें महाराष्ट्र में 3.5 करोड़ से ज्यादा और मुंबई में 1.5 करोड़ से ज्यादा ग्राहक हैं।

इस ब्रेकडाउन का असर देशभर के जियोफाइबर पर भी पड़ा है। कई राज्यों के जियोफाइबर ग्राहकों के पास भी कंपनी की तरफ से सर्विस के आउटेज बंद होने का मैसेज आ रहा है। कंपनी ने मैसेज में ये भी दावा किया है कि इस सर्विस को रात 7 बजे तक ठीक कर लिया जाएगा। हालांकि, सार्वजनिक तौर पर जियो ने इस आउटेज को लेकर कुछ नहीं कहा है। मुंबई में रिलायंस जियो के यूजर्स को इंटरनेट इस्तेमाल के दौरान Not registered on network के मैसेज मिल रहे हैं।

यह भी पढ़ें: मुकेश अंबानी ने खरीदी देश की सबसे महंगी कार, 12 लाख देकर लिया वीआईपी नंबर

बता दें कि चार महीने पहले अक्टूबर 2021 में भी जियो का नेटवर्क डाउन हुआ था जिसके बाद 8 घंटे तक ग्राहक परेशान रहे। उस दौरान भी इंटरनेट और कॉलिंग दोनों सेवाएं बाधित हुई थी। उससे पहले जून 2020 में लंबा आउटेज हुआ था। 22 जून 2020 को करीब 24 घंटे तक लखनऊ, लुधियाना, देहरादून और दिल्ली-एनसीआर में जियो फाइबर की सेवाएं ठप हुई थी।