शुक्रिया राहुल जी, हमें एक साथ लड़ना होगा, संजय राउत ने शेयर की राहुल गांधी द्वारा लिखी चिट्ठी

राहुल गांधी ने हाल ही में संजय राउत को एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाया था, संजय राउत ने राहुल गांधी द्वारा मिले समर्थन के लिए उनका धन्यवाद किया है

Publish: Mar 09, 2022, 05:41 AM IST

नई दिल्ली। शिवसेना नेता संजय राउत को हाल ही में राहुल गांधी ने एक चिट्ठी लिखी थी। जिसमें कांग्रेस नेता ने केंद्रीय जांच एजेंसियों द्वारा निशाना बनाए जाने पर संजय राउत के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया था। संजय राउत ने राहुल गांधी की चिट्ठी साझा करते हुए समर्थन के लिए उनका धन्यवाद कहा है। इसके साथ ही संजय राउत ने कहा है कि हमें साथ में लड़ना होगा। 

संजय राउत ने राहुल गांधी का आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि शुक्रिया राहुल जी। लोकतंत्र मूल्यों को स्वतंत्रता को बचाने के प्रयास में हमें एक साथ लड़ना होगा। यह न सिर्फ दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि काफी घातक भी है कि केंद्रीय एजेंसियां अब एक दल के गुलाम की तरह बर्ताव कर रही हैं। लेकिन मुझे पूरा भरोसा है, ये भी गुजर जाएगा। 

राहुल गांधी फरवरी महीने में संजय राउत को एक चिट्ठी लिखी थी। जिसमें उन्होंने कहा था केंद्रीय एजेंसियों द्वारा आपको और आपके करीबियों को निशाना बनाए जाने की मैं निंदा करता हूं। राहुल गांधी ने कहा कि राज्यसभा के सभापति को लिखे पत्र में आपने मोदी सरकार द्वारा विपक्ष की आवाज़ को दबाने के कुत्सित प्रयास का भंडाफोड़ किया है। 

राहुल गांधी ने कहा कि आपके पत्र में उत्पीड़न और धमकी के विभिन्न विवरण हैं जो कि मोदी सरकार को बेनकाब करते हैं। राहुल गांधी ने संजय राउत को आश्वासन देते हुए कहा कि आपकी इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी आपके साथ खड़ी है। और बिना किसी भय के आपके अभिव्यक्ति के स्वतंत्रता का पुरजोर समर्थन करती है।