अगर गोडसे असली हिंदू होता तो वह जिन्ना को गोली मारता गांधी को नहीं: संजय राउत

संजय राउत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगर गोडसे ने जिन्ना को गोली मारी होती तो वह देशभक्ति का कार्य होता, सम्पूर्ण विश्व आज भी गांधी की हत्या का दुख है

Publish: Jan 30, 2022, 08:43 AM IST

मुंबई। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर संपूर्ण विश्व उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। भारत में भी तमाम नेता बापू को याद कर रहे हैं। इसी बीच शिवसेना नेता संजय राउत ने राष्ट्रपिता के हत्यारे नाथूराम गोडसे को लेकर बड़ा बयान दिया है। संजय राउत ने कहा है कि अगर गोडसे असली हिंदू होता तो वह गांधी को नहीं जिन्ना को गोली मारता। 

संजय राउत ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अगर कोई असली हिंदू होता तो जिन्ना को गोली मारता, गांधी को क्यों मारता? पाकिस्तान की मांग तो जिन्ना की मांग की थी। अगर आपमें हिम्मत थी, आप मर्द थे, अगर ऐसे किसी भी लोगों में मर्दानगी थी तो वो लोग पाकिस्तान की मांग करने वाले, हिंसा फैलाने वाले लोगों को गोली मारता। वो देशभक्ति का कार्य होता।

शिवसेना नेता ने आगे कहा कि गांधी जी को गोली मारना, एक फकीर को, एक निशस्त्र को गोली मारना कहीं से भी जायज़ नहीं था। संजय राउत ने कहा कि गांधी की हत्या का पूरे विश्व को आज भी दुख है। 

यह भी पढ़ें: एक हिंदुत्ववादी ने गांधी जी को गोली मारी थी, पुण्यतिथि पर राहुल ने किया बापू को याद

गांधी जी की पुण्यथिति पर राहुल गांधी ने भी आज एक ट्वीट किया था। जिसमें कांग्रेस नेता ने कहा था कि एक हिंदुत्ववादी ने बापू की गोली मारकर हत्या की थी। लेकिन जहां सत्य है, वहां बापू आज भी ज़िंदा हैं।