हिमाचल के नए सीएम बने सुखविंदर सिंह सुक्खू, शपथ ग्रहण के दौरान राहुल ने सुक्खू की मां को मंच पर बुलाया
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी रहे मंच पर मौजूद। प्रियंका ने इस दौरान मुख्यमंत्री की दावेदार रहीं प्रतिभा सिंह को अपने बगल में बैठाया।

शिमला। सुखविंदर सिंह सुक्खू के रूप में हिमाचल प्रदेश को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार दोपहर राज्य के मुख्यमंत्री के पद की शपथ ली। राज्यपाल आरवी अर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह बघेल, सचिन पायलट समेत कई तमाम कांग्रेस दिग्गज मौजूद रहे।
LIVE: Himachal Pradesh CM Swearing-in ceremony. #कांग्रेस_के_साथ_हिमाचल https://t.co/2ZyNkGtV6q
— Congress (@INCIndia) December 11, 2022
हिमाचल में रविवार दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है। शपथ ग्रहण के दौरान राहुल गांधी ने सुक्खू की मां को भी मंच पर बुलाया और उन्हें बैठाया। वहीं प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री की दावेदार रहीं प्रतिभा सिंह को अपने बगल में बैठाया।
श्री सुखविंदर सिंह सुखु को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री और श्री मुकेश अग्निहोत्री को उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) December 11, 2022
सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समस्त प्रदेशवासियों को इस नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं।
कांग्रेस सरकार अपने सभी वादे पूरे करने के लिए प्रतिबद्ध है। pic.twitter.com/74AboRXwDO
इससे पहले सुबह- सुबह सुक्खू स्वयं प्रतिभा सिंह को शपथ समारोह का न्योता देने पहुंचे। इस दौरान सुक्खू ने कहा था कि पार्टी पहले है, मुख्यमंत्री बाद में। प्रतिभा सिंह मेरी आदर्श हैं। प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल में एक स्थिर सरकार बनेगी। हम एकजुट होकर काम करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके बेटे विक्रमादित्य का मंत्री बनना लगभग तय है।
यह भी पढ़ें: MP में कांग्रेस की सरकार बनते ही बहाल करेंगे ओल्ड पेंशन स्कीम, कर्मचारियों से कमलनाथ का वादा
सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकेश अग्निहोत्री ने हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। इससे पहले कांग्रेस के सीनियर पर्यवेक्षक राजीव शुक्ला ने बताया था कि रविवार को सिर्फ सीएम और डिप्टी सीएम ही शपथ लेंगे। यानी सुक्खू कैबिनेट का विस्तार बाद में किया जाएगा।