जब इतिहास जलकर ख़ाक हुआ, भारत के सबसे पुराने सिकंदराबाद क्लब को आग से 20 करोड़ का नुकसान

सन 1878 में अंग्रेजों ने सिकंदराबाद क्लब को किया था स्थापित, 22 एकड़ में फैले इस क्लब में बड़े ओहदेदार आते हैं, शनिवार रात लगी भीषण आग, करीब 20 करोड़ रुपए का हुआ नुकसान

Updated: Jan 16, 2022, 08:40 AM IST

हैदराबाद। देश के सबसे पुराने क्लबों में से एक हैदराबाद के सिकंदराबाद क्लब में शनिवार रात आग लग गई। यह आग इतनी विकराल थी कि 144 साल पहले बने इस क्लब को पूरी तरह खाक कर दिया। घंटों की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया। फिलहाल आग किस वजह से लगी यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक शनिवार रात करीब ढाई बजे पुलिस को आग लगने की सूचना मिली। मौके पर तत्काल दमकलकर्मियों को आग बुझाने के लिए भेजा गया। हालांकि, आग इतनी विकराल थी कि क्लब का मुख्य हिस्सा पूरी तरह से जल गया। आग के कारण क्लब की 20 करोड़ की सम्पत्ति खाक हो गई। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 10 गाड़ियां होने के बाद भी आग बुझाने में तीन से चार घंटे का समय लगा। इस कारण सब कुछ जल कर खाक हो गया। 

गनीमत ये रही कि इस दौरान क्लब के भीतर लोग मौजूद नहीं थे। अधिकारियों का कहना है कि मकर संक्रांति के कारण शनिवार को क्लब बंद रखा गया था। इसलिए, क्लब में कोई मौजूद नहीं था। लोग होते तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। अधिकारी फिलहाल आग का कारण शॉर्ट सर्किट को मान रहे हैं। संदेह है कि क्लब की किचन में रखा गैस सिलेंडर भी फटा है जिससे आग और ज्यादा विकराल हो गई। आग के तेजी से फैलने का कारण हेरिटेज बिल्डिंग में लकड़ी के व्यापक उपयोग को माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: जब फ्लाइट पर ऑनबोर्ड यात्री की थम गई थी सांसें, MP यूथ कांग्रेस अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया ने बचाई जान

खबरों के मुताबिक सबसे पहले आग पहली मंजिल पर लगी और तेजी से बाकी मंजिलों में भी फैल गई। क्लब के प्रशासनिक वर्ग पहली मंजिल पर स्थित हैं। मुख्य भवन में रिसेप्शन, डाइनिंग, बॉल रूम और किचन एरिया भी है। यह भवन तकरीबन 60 हजार वर्ग फुट में फैला हुआ है और तीन मंजिला है। 

बता दें कि सिकंदराबाद क्लब देश के 5 सबसे बड़े, प्रतिष्ठित और पुराने क्लबों में से एक है। इसे अंग्रेजों ने सन 1878 में बनवाया था। अंग्रेजी हुकूमत के दौरान बड़े-बड़े ओहदेदार अक्सर यहां ठहरते थे। साल 2017 में राज्य सरकार ने इसे हेरिटेज इमारत में शामिल किया गया था। वर्तमान में इस क्लब के 8 हजार से ज्यादा मेंबर्स हैं। इसमें कई सैन्य अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी व नामचीन हस्तियां शामिल हैं।