सेना के तीन जवानों ने किया महिला से गैंगरेप, आरोपियों में एक नेवी और दो थल सेना के जवान शामिल

आरोपियों ने गैंगरेप के दौरान बनाया वीडियो, वायरल करने की दी धमकी, दिल्ली छोड़कर गांव चली गई थी महिला, एफआईआर दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे हैं आरोपी

Updated: Jan 28, 2022, 06:24 AM IST

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सेना के तीन जवानों ने एक महिला से गैंगरेप की शर्मनाक घटना को अंजाम दिया। इस दौरान आरोपियों ने अश्लील वीडियो भी शूट किया और वायरल करने की धमकी दी। महिला ने दिल्ली पुलिस से इसकी शिकायत की है। एफआईआर दर्ज होने के बाद से तीनों आरोपी फरार चल रहे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक बीते साल महिला अपने घर के नजदीक एक पार्क में घूम रही थी इसी दौरान उसका पड़ोसी वहां आग और अपने घरवालों से मिलाने की बात पर चलने को कहा। पीड़िता ने शुरू में मना किया तो वह जिद करने लगा और महिला उसके घर चली गई। घर में पहले से उसका एक साथी मौजूद था। इस दौरान दोनों ने महिला के साथ बलात्कार किया। उन्होंने महिला का अश्लील वीडियो भी बना लिया। 

आरोपियों ने महिला को धमकी दी कि इस बारे में यदि उसने किसी को बताया तो वी‌डियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। इसके बाद महिला अपने घर चली गई और डर के कारण घर से बाहर निकलना भी बंद कर दिया। करीब दो महीने के बाद महिला किसी काम से बाहर निकली तो पड़ोसी एक बार फिर आ धमका और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मुनिरका ले गया। यहां एक अनजान घर में ले जाकर पड़ोसी ने पहले खुद महिला से बलात्कार किया और उसके बाद अपने एक दोस्त को भी बुला कर रेप करवाया।

यह भी पढ़ें: भोपाल में श्वेता तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज, धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

इस घटना के बाद महिला बुरी तरह डरी हुई थी और वह अपने गांव लौट गई। लाख बुलाने पर भी जब महिला ने दिल्ली आने से मना कर दिया तब पति ने महिला से इसका कारण पूछा। महिला ने जब पति को सारी बात बताई तो पति भी परेशान हो गया। बाद में दोनों दिल्ली आकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करवाने पर राजी हुए। हालांकि, एफआईआर की जानकारी मिलते ही तीनों आरोपी फरार हो गए। जानकारी के अनुसार आरोपियों में से एक नेवी और दो थल सेना में जवान हैं। पुलिस तीनों आरोपियों की तलाश कर रही है।