JNU परिसर में पेड़ से लटकता मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, छात्रों में हड़कंप

दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में एक पेड़ से लटकता शव मिलने से हड़कंप मच गया है, मौके पर पहुंची दिल्ली पुलिस की क्राइम और फॉरेंसिक टीम जांच में जुट गई

Updated: Jun 04, 2022, 06:08 AM IST

नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के जंगलों में शुक्रवार शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव बेहद सड़ी-गली हालत में पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने इस बात की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिस को शव के बारे में सूचित किया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने मौके का मुआयना किया और जंगल क्षेत्र में एक पेड़ से लटकता हुआ शव अत्यधिक क्षत-विक्षत अवस्था में पाया। उन्होंने कहा कि शव पुरुष का है और उसकी उम्र 40-45 साल प्रतीत होती है। पुलिस ने कहा कि मौके पर क्राइम व फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। शव की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली: भलस्वा लैंडफिल साइट पर फिर लगी आग, फायर ब्रिगेड कि 12 गाडियां आग बुझाने में जुटीं

पुलिस के मुताबिक, युवक की कुछ दिन पहले मौत हुई है। विश्वविद्यालय के अनुसार, ऐसा लगता है कि शव जेएनयू के किसी व्यक्ति का नहीं है। शव यमुना छात्रावास के पास जंगल में मिला था। शुक्रवार को कुछ छात्र जंगल में टहलने गए थे, जहां उन्होंने एक दुर्गंध महसूस की और फिर ऑथॉरिटी को अलर्ट किया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। परिसर में अज्ञात शव मिलने की खबर से छात्रों में हड़कंप है।