सीमा पर अभी देख रहे हैं जंग का ट्रेलर, भविष्य में बड़े युद्ध के लिए रहना होगा तैयार: आर्मी चीफ

चीन और पाकिस्तान का नाम लिए बिना सेना प्रमुख ने कहा कि परमाणु सक्षम पड़ोसियों के साथ सीमा विवाद और स्टेट स्पॉन्सर्ड प्रॉक्सी वॉर ने सुरक्षा तंत्र एवं संसाधनों के समक्ष चुनौतियां बढ़ा दी है

Updated: Feb 03, 2022, 02:33 PM IST

नई दिल्ली। चीन और पाक से लगे सीमाओं पर चल रहे विवाद को सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने ट्रेलर बताया है। जनरल नरवणे ने कहा है कि अभी हम सीमा पर जंग का ट्रेलर देख रहे हैं लेकिन, भविष्य में बड़े युद्ध के लिए हमें तैयार रहना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि, 'परमाणु सक्षम पड़ोसियों के साथ सीमा विवाद और स्टेट स्पॉन्सर्ड प्रॉक्सी वॉर ने सुरक्षा तंत्र एवं संसाधनों के समक्ष चुनौतियां बढ़ा दी है।

दरअसल, गुरुवार को भविष्य के युद्धों को लेकर सेंटर फॉर लैंड वारफेयर स्टडीज में प्रज्ञान कॉन्क्लेव आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में तीनों सेना के प्रमुख ऑनलाइन माध्यमों से शामिल हुए। कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए थल सेना अध्यक्ष एमएम नरवणे ने कहा कि, 'हम पहले से ही भविष्य के संघर्षों के ट्रेलर देख रहे हैं। सूचना तंत्र के समय में यह युद्ध साइबर स्पेस, नेटवर्क के जरिए लड़ा जा रहा है। हमें इसी आधार पर भविष्य के लिए युद्ध का मैदान तैयार करना होगा।'

यह भी पढ़ें: विंटर ओलिंपिक में चीन ने गलवान के जख्म को कुरेदा, अमेरिका ने की निंदा, भारत सरकार की चुप्पी बरकरार

जनरल नरवणे ने आगे कहा कि, 'परमाणु-सक्षम पड़ोसियों के साथ विवादित सीमाएं और स्टेट स्पॉन्सर्ड प्रॉक्सी वार, सुरक्षा तंत्र और संसाधनों की जरूरत को रेखांकित कर रहा है। इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के दौर में यह ट्रेलर नेटवर्क, साइबर स्पेस के रूप में सामने आ रहे हैं। इनके जरिए सक्रिय सीमाओं पर साजिश रची जा रही है। युद्ध की औपचारिक घोषणा के बिना, साइबर, सूचना, उप-पारंपरिक और हाइब्रिड डोमेन में राष्ट्रों के बीच शत्रुता चल रही है। विरोधी देश अपने रणनीतिक लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए लगातार कोशिशें जारी रखेंगे।'

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेवी चीफ एडमिरल आर हरि कुमार ने कहा कि, 'भविष्य में किसी बड़े युद्ध को पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता। युद्ध के लिए सिर्फ थलसेना, वायुसेना और नौसेना को ही नहीं, बल्कि सरकार को भी तैयार रहना होगा। भविष्य की लड़ाइयों में सरप्राइज और शॉक तो मिलेंगे ही लेकिन हमें 'एंटी-फ्रेजाइल' रहने की जरूरत है।'

यह भी पढ़ें: यह पाकिस्तान और चीन पर छोड़ देना चाहिए, राहुल गांधी के बयान पर आया अमेरिका का रिएक्शन

वर्चुअल सम्मेलन के दौरान वायुसेना अध्यक्ष, एयर चीफ मार्शल वी.आर चौधरी ने कहा कि, 'पूर्वी लद्दाख में स्टैंडऑफ ने पूरी दुनिया को दिखा दिया कि भारत के पास किसी भी चुनौती का सामना करने की पर्याप्त क्षमता है। आज के समय में युद्ध सिर्फ जमीन, आकाश और समंदर मे ही नहीं लड़ा जाता, बल्कि अब इसमें साइबर, स्पेस और इंफोर्मेशन वॉरफेयर भी जुड़ गया है। यूक्रेन और सीरिया की घटनाएं दिखाती है कि आपका आर्थिक तौर से गला घोटा जा सकता है और डिप्लोमेटिक-आईसोलेशन भी हो सकता है।'