मोहब्बत की निशानी से गुलजार हुई वादियां, कश्मीर में बने स्नो ताजमहल को देखने उमड़े पर्यटक

इग्लू कैफे के बाद अब गुलमर्ग में बर्फ से बना ताजमहल सुर्खियों में हैं, इसे तैयार करने में लगे हैं 17 दिन, 24X24 के एरिया में बने स्नो ताजमहल में एक बड़ा गुंबद और चार मीनारें हैं

Updated: Feb 15, 2022, 11:28 AM IST

Photo Courtesy: Ndtv
Photo Courtesy: Ndtv

जम्मू कश्मीर को धरती का स्वर्ग कहा जाता है, यहां के गुलमर्ग में इनदिनों सोने पर सुहागा वाली कहावत चरितार्थ हो रही है। यहां की खूबसूरत वादियों में बर्फ से ताजमहल की आकृति बनाई गई है। यह बर्फ से बना ताजमहल देखने में बिल्कुल असली ताजमहल की तरह नजर आ रहा है। स्नोफॉल देखने गुलमर्ग आए पर्यटकों को यह काफी पसंद आ रहा है। देश दुनिया के पर्यटक इनदिनों बर्फबारी का लुत्फ लेने के लिए दूर-दूर से कश्मीर आते हैं। इनदिनों वादियों में जमकर बर्फबारी हो रही है। कश्मीर में अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। चारों तरफ बर्फ की चादरें बिछी हुई हैं। इनसब के बीच गुलमर्ग में बर्फ से बना ताजमहल पर्यटकों को खास तौर पर लुभा रहा है। इस ताजमहल को मानों कुदरत अपने हाथों से रोजाना बर्फ की चादर से ढांक देती है।

दुनिया के सात अजूबों में से एक विश्वप्रसिद्ध ताजमहल की की रेप्लिका यहां के एक होटल में तैयार की गई है। इस स्नो ताजमहल को तैयार करने में 17 दिन का वक्त लगा है।

होटल कैंपस में यह ताजमहल 24X24 फीट लंबा चौड़ा और 16 फीट ऊंचा है। होटल प्रबंधन का कहना है कि जिस तरह असली ताजमहल प्यार का प्रतीक है, वैसे ही इसे भी पर्यटकों का प्यार भरपूर मिल रहा है। रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक यहां फोटो खिंचवाते नजर आ रहे हैं।

हर साल पर्यटकों को लुभाने के लिए कुछ नया किया जाता है, इससे पहले गुलमर्ग में बर्फ से बना इग्लू कैफे आकर्षण का केंद्र था। वह कैफे 22 फीट चौड़ा और 13 फीट ऊंचा था। जिसमें एक साथ कई लोग पार्टी कर सकते थे।