...तो थम जाएगी मायानगरी की रफ़्तार  

Lockdown 4.0 effect : मुसाफिर लेकर जत्‍थे में घर लौट रहे हैं ऑटो चालक

Publish: May 17, 2020, 08:13 AM IST

कोविड-19 की वजह से पूरे देश के साथ आर्थिक राजधानी मुंबई की सुपरफ़ास्ट रफ़्तार पर भी ब्रेक लगे हुए हैं। लॉक डाउन खुलने के बाद भी मुंबई शहर रफ़्तार नहीं पकड़ पाएगा कारण होगा वहां ऑटो रिक्शा का न मिल पाना।  मध्यप्रदेश के इंदौर से एक वीडियो सामने आया है, वह इसी तरफ इशारा कर रहा है। मुंबई में कोरोना बड़ी तेज़ी से पैर पसार रहा है, जिसकी वजह से ऑटो रिक्शा ड्राइवर बेहद डरे हुए हैं और परिवारों के साथ मुंबई से वापस आ रहे हैं। सरकारें इसके लिए क्या कदम उठाएंगी यह तो वक़्त ही बताएगा लेकिन फिलहाल ये ऑटो रिक्शा ड्राइवर माया नगरी मुंबई लौटने के मूड में नहीं दिखाई दे रहे।  

हज़ारों ऑटो की लगी लाइन

इंदौर का जो वीडियो सामने आया है, उसमे दिखाई दे रहा है कि हज़ारों की तादाद में ऑटो सीएनजी भरवाने के लिए फिलिंग स्टेशन पर खड़े हैं। लाइन इतनी लम्बी है कि ख़त्म होने का नाम ही नहीं ले रही। ये सभी ऑटो ड्राइवर परिवार सहित अपने-अपने गांवों की तरफ लौट रहे हैं। ये ऑटो ड्राइवर मध्य प्रदेश के साथ उत्तर प्रदेश, बिहार और  झारखंड की ओर रवाना होंगे। लॉकडाउन की वजह से ये सभी परिवार खाली पेट ही गुज़र कर रहे थे, लेकिन बाद में इन सबका सब्र  टूट गया।  

कौन देगा मुंबई को रफ़्तार?

बताया जा रहा है कि मुंबई में करीब 5 लाख ऑटो और करीब 45000 काली-पीली टैक्सियां हैं। महाराष्ट्र के ऑटो चालक यूनियन के सूत्रों के मुताबिक करीब 50 ऑटो रिक्शा ड्राइवर ग्रुप में मुंबई छोड़ रहे हैं। ऐसे में लॉकडाउन खुलने के बाद मुम्बईवासियों को यातायात की यह सुविधा मिलना बंद हो सकती है, जिससे इस शहर की रफ़्तार पूरी तरह थमने की आशंका है। मुंबई में हालांकि बेस्ट की बसें हैं लेकिन वे ऑटो रिक्शा का स्थान नहीं लें पाएंगी।