MP Cabinet Expansion: सिंधिया के करीबी महेंद्र सिंह सिसोदिया को जगह

Shivraj new Cabinet : महेंद्र सिंह सिसोदिया कमलनाथ सरकार में श्रम मंत्रालय संभाल रहे थे

Publish: Jul 03, 2020, 01:53 AM IST

शिवराज सिंह की कैबिनेट में महेंद्र सिंह सिसोदिया को जगह मिली है। वे ग्वालियर चंबल संभाग से हैं। मार्च में शुरू हुए मध्य प्रदेश राजनीतिक संकट में उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया का साथ दिया और वे इस्तीफा देने वाले 22 कांग्रेसी विधायकों में शामिल थे। उन्हें ज्योतिरादित्य सिंधिया का करीबी माना जाता है।

30 अगस्त 1962 को गुना में जन्मे महेंद्र सिंह सिसोदिया को पहली बार 2013 में बमोरी से विधायक चुना गया। दिसंबर 2018 में वे फिर से विधायक बने और कमलनाथ सरकार में उन्हें मध्य प्रदेश श्रम मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई।

खेती में रुचि रखने वाले महेंद्र सिंह सिसोदिया विवादित बयान भी देते रहे हैं। जनवरी 2019 में अपने विधानसभा के गांव हिनोतिया में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि उनका एक-एक कार्यकर्ता मंत्री है और जो भी अधिकारी या सरकारी कर्मचारी उनके कार्यकर्ताओं की बात नहीं मानेगा उसे लात मारकर बाहर कर दिया जाएगा।

महेंद्र सिंह सिसोदिया की ज्योतिरादित्य सिंह से करीबी का अंदाजा उनके इस बयान से लगाया जा सकता है कि जनवरी 2014 में उन्होंने कहा कि वे ज्योतिरादित्य सिंह के चमचे हैं और जीवन पर्यंत रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे राजनीति छोड़ देंगे लेकिन सिंधिया को नहीं। यह बयान उन्होंने गुना के सांसद केपी यादव के उस बयान के जवाब में दिया था जिसमें केपी यादव ने उन्हें ज्योतिरादित्य सिंधिया का चमचा कहा था।

मार्च की शुरुआत में जब मध्य प्रदेश राजनीतिक संकट की शुरुआत हुई थी और तीन कांग्रेसी और एक निर्दलीय विधायक को रिसॉर्ट में रखा गया था तब महेंद्र सिंह सिसोदिया ने ही कहा था कि अगर ज्योतिरादित्य सिंधिया का अनादर होता है तो मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार संकट में आ जाएगी।