IPL Auction 2022: ईशान किशन बने सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी, MI ने 15.25 करोड़ में खरीदा

विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन मौजूदा IPL सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं, उन्हें मुंबई इंडियंस ने 15 करोड़ से अधिक रुपयों में खरीदा है, पिछले सीजन में उन्हें सिर्फ 6 करोड़ रुपए मिले थे

Updated: Feb 12, 2022, 12:49 PM IST

बेंगलुरु। IPL 2022 ऑक्शन का पहला दिन बेहद दिलचस्प गुज़र रहा है। खबर लिखे जाने तक 28 खिलाड़ी बिक चुके हैं। ईशान किशन मौजूदा आईपीएल सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें मुंबई इंडियंस ने 15.25 करोड़ में खरीदा है। वे पिछले सीजन में भी मुंबई का हिस्सा थे, लेकिन टीम ने उन्हें रिटेन नहीं किया था।

ऑक्शन के दौरान ईशान किशन का बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए था, लेकिन इससे वे 7 गुना से अधिक महंगे बिके। मुंबई के अलावा दूसरी सभी टीमों ने ईशान पर बढ़-चढ़ कर बोली लगाई। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई ने आईपीएल के इतिहास में ऑक्शन में पहली बार किसी खिलाड़ी पर 10 करोड़ या उससे अधिक की बोली लगाई है। पिछले सीजन में उन्हें सिर्फ 6.2 करोड़ रुपए मिले थे, यानी इस बार उन्हें लगभग 9 करोड़ रुपए अधिक मिले है।

23 साल के ईशान किशन का रिकॉर्ड टी20 में बेहतरीन रहा है। वे 104 पारियों में 28 की औसत से 2726 रन बना चुके हैं। उन्होंने 2 शतक और 15 अर्धशतक भी लगाया है। इस विकेटकीपर बल्लेबाज का स्ट्राइक रेट 135 का है, जो टी20 के लिहाज से बेहतरीन माना जाता है। ईशान किशन आईपीएल ऑक्शन में खरीदे जाने वाले दूसरे सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी भी बन गए हैं। साल 2015 में युवराज सिंह 16 करोड़ रुपए में बिके थे। 

अन्य खिलाड़ियों की बात करें तो दिनेश कार्तिक अब आरसीबी के हो गए हैं। बैंगलोर ने उन्हें 5.50 करोड़ रुपए में खरीदा है। 7 साल बाद दिनेश कार्तिक आरसीबी के साथ खेलते नजर आएंगे। उधर चेन्नई सुपर किंग्स ने अंबाती रायडू को खरीद लिया है। हरफनमौला क्रुणाल पांड्या को नई फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जाइंड्स ने 8.25 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया है। सैम बिलिंग्स, रिद्धिमान साहा समेत कई खिलाड़ी ऐसे भी हैं जिन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा है। खबर लिखे जान तक 28 खिलाड़ियों की नीलामी हो चुकी है। इस बार 10 टीमें बोली लगा रही है।