अगर धोनी के हाथ में हो तो वे CSK के लिए एक रुपए भी नहीं लेंगे, दीपक चाहर ने बताई राज़ की बात

दीपक चाहर को चेन्नई सुपरकिंग्स ने 14 करोड़ में खरीदा है जबकि एमएस धोनी को इस सीजन के लिए बारह करोड़ मिलने वाले हैं

Updated: Feb 13, 2022, 11:02 AM IST

Photo Courtesy: Cricket Addictor
Photo Courtesy: Cricket Addictor

नई दिल्ली। चेन्नई सुपरकिंग्स के स्टार तेज़ गेंदबाज दीपक चाहर ने बड़ा बयान दिया है। आईपीएल ऑक्शन में बड़ी रकम पाने वाले दीपक चाहर ने टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बारे में बताया है कि अगर धोनी का बस चलता तो वे एक सीएसके के लिए खेलने के लिए एक रुपया भी नहीं लेते। 

स्टार स्पोर्ट्स से बात करते वक्त दीपक चाहर से मोहम्मद कैफ ने पूछा कि आपको इस सीजन में चौदह करोड़ मिलेंगे। जबकि एमएस धोनी को बारह करोड़ मिलेंगे। लोग इस बारे में काफी चर्चा कर रहे हैं। 

मोहम्मद कैफ को जवाब देते हुए कहा कि अगर ये महेंद्र सिंह धोनी के हाथ में होता तो वे एक रुपया भी नहीं लेते। सीएसके ने उन्हें पहले रिटेंशन के तौर पर रखने के बारे में पूछा था। लेकिन उन्होंने खुद अपने आप को दूसरे रिटेंशन के तौर पर रखने का निर्णय लिया। उनका टीम से नाता काफी गहरा है। 

दरअसल आईपीएल के पिछले सीजन से ही इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि यह सीजन धोनी का आखिरी सीजन हो सकता है। लेकिन आईपीएल में सीएसके की जीत के बाद यह स्पष्ट हो गया कि धोनी अगला सीजन भी खेलेंगे। लेकिन धोनी ने सीएसके के मैनेजमेंट को ऑक्शन से पहले खुद को पहले रिटेंशन के तौर पर न रखने की सलाह दी। जिसके बाद सीएसके ने रविंद्र जडेजा को अपने पहले रिटेंशन के तौर पर रखा। 

आईपीएल के आगामी सीजन के लिए मेगा ऑक्शन जारी है। पहले दिन ईशान किशन को मुंबई इंडियंस ने पंद्रह करोड़ में खरीदा। वहीं शिखर धवन को पंजाब किंग्स ने आठ करोड़ से अधिक की बोली लगाकर अपने कुनबे में शामिल किया। डेविड वार्नर की घर वापसी हुई, और उन्हें दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा। 

जबकि दीपक चाहर को चेन्नई, पैट कमिंस को केकेआर, जबकि दिनेश कार्तिक को मुंबई इंडियंस ने खरीदा। वहीं चेन्नई के लिए अहम योगदान निभाने वाले फाफ डु प्लेसिस को आरसीबी ने अपनी टीम में शामिल किया। आईपीएल ऑक्शन के दूसरे दिन अंडर 19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान यश धुल के लिए ज्यादा बोली नहीं लगी। यश धुल को दिल्ली की टीम ने 50 लाख में खरीदा। जबकि जोफरा आर्चर को मुंबई इंडियंस ने आठ करोड़ से अधिक में खरीद लिया।