Shahid Afridi : Twitter पर दी कोविड पॉज़िटिव होने की जानकारी

Cricketer Afridi : लिखा - 'दुर्भाग्यवश मेरी रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है। शीघ्र स्‍वस्थ होने के लिए दुआओं की आवश्यकता है'

Publish: Jun 14, 2020, 05:43 AM IST

Photo courtesy : newstrack
Photo courtesy : newstrack

पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी को भी कोरोना हो गया है। कोरोना से संक्रमित होने की जानकारी खुद शाहिद अफरीदी ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर दी है। 40 वर्षीय अफरीदी गुरुवार से ही स्वस्थ महसूस नहीं कर रहे थे। शाहिद अफरीदी ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि ' मेरा स्वास्थ्य गुरुवार से ही ठीक नहीं चल रहा है, मेरा शरीर बुरी तरह से दर्द कर रहा था। मैंने कोरोना टेस्ट कराया है जिसके बाद दुर्भाग्यवश मेरी रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है। शीघ्र स्‍वस्थ होने के लिए दुआओं की आवश्यकता है।'

शाहिद अफरीदी के कोरोना से संक्रमित होने की खबर सुनकर दुनिया भर में उनके चाहने वाले अफरीदी की सलामती की दुआ कर रहे हैं। अफरीदी के साथी खिलाड़ियों ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद हफीज़ और तेज़ गेंदबाज़ सोहैल तनवीर ने अफरीदी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

 

 

पहली ही पारी में बनाया था वनडे का सबसे तेज़ शतक

शाहिद अफरीदी अपने दौर में पाकिस्तान ही नहीं बल्कि दुनिया के सबसे तूफानी बल्लेबाज़ों में से एक माने जाते थे। शाहिद अफरीदी ने अपनी पहली ही पारी में श्रीलंका के खिलाफ महज़ 37 गेंदों में शतक ठोक दिया था। अफरीदी का यह रिकॉर्ड 2014 में न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन ने तोड़ा था। वनडे क्रिकेट में सबसे तेज़ शतक बनाने का रिकॉर्ड एबी डिविलियर्स के नाम है। डिविलियर्स ने 2015 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ 31 गेंदों में शतक जड़ा था।तूफानी बल्लेबाज़ होने के साथ साथ अफरीदी ने पाकिस्तानी क्रिकेट टीम में अपनी गेंदबाज़ी से भी योगदान दिया है। अफरीदी ने पाकिस्तान के लिए कुल 398 खेले जिसमें उन्होंने 395 विकेट चटकाए हैं। अफरीदी ने 2011 विश्व कप में पाकिस्तानी टीम की कमान भी संभाली थी। लेकिन मोहाली में खेले गए सेमीफाइनल में उनकी टीम को भारत से हार का स्वाद चखना पड़ा।

अक्सर विवादों में रहते हैं अफरीदी

अफरीदी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं लेकिन इसके बावजूद वे सुर्खियों में लगातार बने रहते हैं। कभी अपने एनजीओ 'शाहिद अफरीदी फाउंडेशन ' की वजह से तो कभी अपने विवादित बयानों को लेकर अफरीदी हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। हाल ही में अफरीदी ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ तल्ख टिप्पणियां की थी जिसके बाद भारत में उनकी काफी किरकिरी भी हुई। इसके साथ ही हाल ही में पाकिस्तान टीम के लिए खेलने वाले हिन्दू क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने शाहिद अफरीदी के ऊपर उनके हिन्दू होने के नाते भेदभाव करने का भी आरोप लगाया था। कनेरिया ने कहा था कि शाहिद अफरीदी उन्हें अपनी कप्तानी में पाकिस्तान के लोकल मैचों में भी खेलने नहीं देते थे।

अपनी आत्मकथा में असली उम्र बताई

पिछले साल शाहिद अफरीदी की आत्मकथा ' गेम चेंजर' सामने आई थी। उसमें अफरीदी ने अपनी उम्र का खुलासा कर खूब सुर्खियां बटोरी थी। अफरीदी ने बताया था कि उन्होंने अपनी असली उम्र सबसे छुपाई हुई थी। अफरीदी ने अपनी आत्मकथा में असली जन्म तिथि 1975 बताई थी। बल्कि औपचारिक तौर पर अफरीदी की जन्म तिथि 1मार्च, 1980 है। ऐसे में अफरीदी ने जब 1996 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे का सबसे तेज़ शतक जड़ा था तब वे 16 साल के न हो कर, उनकी उम्र 20-21 साल रही होगी।