Coronavirus in India : दुनिया का चौथा सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश बना भारत

Unlock 1.0 : भारत में हर दिन कोरोना के 10 हजार मामले, ब्रिटेन को पीछे छोड़ा

Publish: Jun 12, 2020, 09:13 PM IST

भारत दुनिया का चौथा सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देश बन गया है। शुक्रवार को तकरीबन 10 हजार नए मामले आने के बाद अब भारत ने ब्रिटेन को भी पीछे छोड़ दिया है। कोरोना संक्रमित मरीजों के मामले में भारत ने 6 जून को ही स्पेन को पीछे छोड़ा था। वर्ल्डोमीटर के अपडेट के मुताबिक भारत में अबतक कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2,98,283 तक जा पहुंची है। वहीं ब्रिटेन में अबतक कुल 2 लाख 91 हजार 588 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। गुरुवार को दुनियाभर में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित मिलने वाला देश भी भारत रहा है।


भारत में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में प्रतिदिन 10 हजार की वृद्धि हो रही है। भारत में फिलहाल 2 लाख 98 हजार 283 मामले हैं वहीं इससे पहले चौथे स्थान पर काबिज ब्रिटेन में संक्रमितों का आंकड़ा 2 लाख 91 हजार 409 है। भारत में पिछले 11 दिनों में कोरोना के 1 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं बावजूद इसके केंद्र सरकार का दावा है की देश में कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं हो रहा है। साथ हीं इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल ने भी कहा है की भारत में फिलहाल कम्युनिटी स्प्रेड नहीं है।


भारत विश्व के सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित टॉप 10 देशों की सूची में अब चौथे स्थान पर आ गया है। इसी के साथ भारत ने ब्रिटेन, स्पेन, इटली, फ्रांस और जर्मनी जैसे देशों को भी पीछे छोड़ दिया है। अब दुनियाभर में मात्र तीन ऐसे देश हैं जहां भारत से ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं जिनमें अमेरिका, ब्राजील और रूस शामिल है। दुनियाभर में सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित देशों में सबसे आगे अमेरिका है जहां 20 लाख से ज्यादा लोग इस महामारी के चपेट में आए हैं, जिसमें एक लाख पंद्रह हजार से ज्यादा लोगों की मृत्यु हो चुकी है। वहीं, उसके बाद ब्राजील का नंबर आता है जहां संक्रमितों की संख्या साढ़े 7 लाख है। तीसरे स्थान पर रूस है, जहां 4 लाख 93 हजार से ज्यादा केस हैं।