Corona positive : नहीं रहे संगीत के सितारे वाजिद अली

किडनी के इलाज के दौरान टेस्ट में निकले कोरोना पॉजिटिव, एक हफ्ते से कोरोना संक्रमित थे वाजिद

Publish: Jun 01, 2020, 09:18 PM IST

बॉलीवुड की सबसे पॉपुलर संगीत जोड़ी साजिद-वाजिद की जोड़ी टूट गई है। मशहूर संगीतकार वाजिद ख़ान का निधन हो गया है। रविवार शाम को वाजिद ख़ान की हालत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद वाजिद ख़ान को वेंटिलेटर पर रखा गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्‍हें किडनी की समस्‍या थी। किडनी के इलाज के दौरान उनका टेस्ट किया गया तो उनकी रिपोर्ट में कोरोना  पॉजिटिव आया था। पता चला है कि वह एक हफ्ते से कोरोना पॉजिटिव थे। 

वाजिद ख़ान के जाने के बाद बॉलीवुड को बहुत बड़ा सदमा पहुंचा है।ऋषि कपूर और इरफान ख़ान की मृत्यु के बाद वाजिद ख़ान के निधन से पूरे बॉलीवुड और सिनेमा प्रेमियों को अपूर्ण क्षति पहुंची है।  गायक सोनू निगम ने अपने फेसबुक पेज से वाजिद की मृत्यु का शोक संदेश पोस्ट किया। सोनू ने लिखा - ' मेरा भाई वाजिद हमें छोड़ कर चला गया। बता दें कि बॉलीवुड में साजिद - वाजिद की जोड़ी सबसे हिट संगीत जोड़ी में से एक थी। लेकिन वाजिद ख़ान के निधन के बाद अब साजिद - वाजिद की यह मशहूर जोड़ी हमेशा के लिए टूट गई है।

लॉकडाउन सांग को किया था कंपोज

वाजिद की जाने की सबसे ज़्यादा कमी सलमान खान को खलेगी। गौरतलब है कि वाजिद को संगीतकार के तौर पर पहला ब्रेक सलमान खान की ' प्यार किया तो डरना क्या ' से ही मिला था। इसके साथ ही वाजिद ने सलमान की ढेरों फिल्मों में संगीत दिया है। अभी हाल ही में साजिद - वाजिद की जोड़ी ने सलमान खान के लॉकडाउन गाने  ' भाई - भाई ' और 'प्यार करो ना' को कंपोज किया था।

इन फिल्मों के लिए संगीत दिया

साजिद - वाजिद की जोड़ी ने दबंग सिरीज़ के सुपरहिट गानों के लिए संगीत दिया है। साजिद - वाजिद ने 1998 में आई सलमान ख़ान-काजोल स्टारर फिल्म ' प्यार किया तो डरना क्या' से संगीत जोड़ी के तौर पर शुरुआत की थी। जिसके बाद दोनों ने कभी पीछे मुड़ कर नहीं देखा। इसके साथ ही साजिद - वाजिद की जोड़ी ने ' तेरे नाम ' , ' हम तुम्हारे हैं सनम ' , ' मुझसे शादी करोगी ',  ' पार्टनर ', ' एक था टाईगर',  ' वेलकम ', ' दबंग ' , ' दबंग 2' जैसी सुपरहिट फिल्मों के लिए संगीत दिया।