PM Narendra Modi : जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा

PM Narendra Modi : भारत शांति चाहता है वरना जवाब देने में हम सक्षम हैं

Publish: Jun 18, 2020, 05:29 AM IST

चीन के साथ वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर चल रहे संघर्ष को लेकर प्रधानमंत्री ने देश के नाम सन्देश जारी किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सीमा पर चल रहे संघर्ष के बीच अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा है कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री ने कहा 'हमारे लिए भारत की संप्रभुता और अखंडता सर्वोच्च है। इसकी रक्षा करने से हमें कोई नहीं रोक सकता।

भारत शांति चाहता है वरना जवाब देने में हम सक्षम हैं

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा है कि देश को इस बात पर गर्व होगा कि हमारे शहीद वीर जवान मारते - मारते मरे हैं। भारत शान्ति चाहता है, लेकिन भारत हर हाल में जवाब देने में सक्षम है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सन्देश में चीन को चेतावनी भरे स्वर में कहा है कि हम कभी किसी को उकसाते नहीं हैं,लेकिन इसके साथ ही हम अपने देश की अखंडता और संप्रभुता के साथ कभी समझौता भी नहीं करते हैं।  जब भी समय आया है, हमने देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करने में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया है। हमने अपनी क्षमताओं को हमेशा साबित किया है।

गौरतलब है कि पिछले एक महीने से सीमा पर चीन के साथ तनाव बढ़ा हुआ है। 15-16 जून की दरमियानी रात को भारत और चीन के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। इसमें भारतीय सेना के बीस जवान शहीद हो गए है। सैनिकों की शहादत की खबर आने के बाद से ही विपक्ष लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर निशाना साध रहा था। अब प्रधानमंत्री मोदी ने सीमा पर जारी तनाव पर अपनी बात रखी है।